‘NCA में गेंदबाजी करते हुए….’: कप्तान रोहित शर्मा ने बताया जसप्रीत बुमराह की वापसी पर क्यों लगाया गया ब्रेक
रोहित शर्मा ने कहा भारत को जसप्रीत बुमराह को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
अद्यतन - Jan 9, 2023 7:01 pm

जसप्रीत बुमराह की श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में वापसी की खबर से भारतीय क्रिकेट टीम और प्रशंसकों के बीच खुश की लहर चल पड़ी थी, लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाई और भारतीय तेज गेंदबाज मैदान में वापसी करने से पहले ही घरेलू सीरीज से बाहर हो गए।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में 10 जनवरी को खेले जाने वाले पहले वनडे से पहले पुष्टि की कि जसप्रीत बुमराह आगामी तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज में वापसी नहीं कर पाएंगे, वह इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
एक तरफ जहां बीसीसीआई ने कहा कि बुमराह को अपनी गेंदबाजी में लचीलापन लाने के लिए कुछ और समय की आवश्यकता है, वहीं भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि तेज गेंदबाज को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में गेंदबाजी करते समय कुछ जकड़न महसूस हुई, जिस कारण उनकी वापसी टाल दी गई है।
हमें जसप्रीत बुमराह को लेकर बहुत सावधान रहने की जरूरत है: रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने गुवाहाटी में प्री-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: ‘यह जसप्रीत बुमराह के साथ बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण चीज रही। वह बेचारा सच में इस समय NCA में कड़ी मेहनत कर रहा है। जब वह पूरी तरह से फिट हो गया था, उसने गेंदबाजी शुरू की और सब कुछ अच्छा चल रहा था, लेकिन फिर उसे पिछले दो दिनों में अपनी पीठ में थोड़ी जकड़न महसूस हुई। यह कुछ बड़ा नहीं है, और ना ही ज्यादा चिंता करने वाली बात है, बस उन्हें पीठ में थोड़ी कठोरता या अकड़न महसूस हो रही है, और अगर बुमराह कह रहे हैं कि वह अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं, तो आपको उन्हें बाहर करना होगा।
जब बुमराह अपनी फिटनेस को लेकर कुछ भी कहते हैं, तो हमें इसे लेकर काफी सतर्क रहना होता है। हमें बुमराह के साथ अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। मुझे लगा कि हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम उसे इस सीरीज से बाहर कर दें और उसे थोड़ा और समय दें। जब हमने बुमराह का नाम वनडे स्क्वॉड में शामिल किया, तब वह अपना वर्कलोड बढ़ाने की प्रक्रिया में शामिल थे। वह नेट्स में अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। उन्हें बस पीठ में थोड़ी जकड़न महसूस हुई, तो हमने उसे बाहर करना बेहतर समझा। हमें बुमराह को लेकर बहुत सावधान रहने की जरूरत है। और हमने यही किया। ‘