IND vs AFG 2026: वनडे सीरीज के लिए कुछ ऐसी हो सकती है भारतीय टीम, देखने मिलेगा युवा-अनुभव का मिश्रण
2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारत आजमा सकता है युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण
अद्यतन - May 14, 2026 8:42 pm

भारत अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटने जा रही है। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज को टीम इंडिया के लिए नए अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। यह सीरीज 14 जून से शुरू होगी और भारतीय खिलाड़ियों के लिए अपनी जगह पक्की करने का बड़ा मौका भी होगी।
आईपीएल 2026 खत्म होने के सिर्फ दो हफ्ते बाद शुरू होने वाली इस सीरीज में खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन का असर साफ तौर पर चयन पर दिखाई दे सकता है। खासतौर पर युवा खिलाड़ियों के लिए यह खुद को साबित करने का बेहतरीन मंच होगा।
गिल की कप्तानी में दिख सकता है नया संतुलन
इस सीरीज में शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है। पिछले कुछ समय में वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम मैनेजमेंट उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर देख रहा है। वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं। दोनों खिलाड़ी अब केवल वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए खेल रहे हैं, इसलिए उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम रहेगा।
मध्यक्रम में राहुल और अय्यर पर भरोसा
मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर और केएल राहुल टीम की पहली पसंद बने रह सकते हैं। राहुल विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि अय्यर से मध्यक्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद होगी।
बैकअप विकल्प के तौर पर यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन को मौका मिल सकता है। आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाने वाले ईशान किशन को ऋषभ पंत की जगह बैकअप विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है।
हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल टीम के सबसे अहम ऑलराउंडर हो सकते हैं। हार्दिक लगातार भारत की व्हाइट-बॉल टीम के प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं, जबकि अक्षर गेंद और बल्ले दोनों से संतुलन प्रदान करते हैं। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को भी मौका मिल सकता है। उन्हें भविष्य के निवेश के तौर पर देखा जा रहा है।
गेंदबाजी में बुमराह को मिल सकता है आराम
तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वहीं स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते आराम दिया जा सकता है। स्पिन विभाग की कमान कुलदीप यादव के हाथों में रहने की संभावना है। कुलदीप और अक्षर की जोड़ी मध्य ओवरों में टीम की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की संभावित टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, ईशान किशन, यशस्वी जायसवाल