IND vs AUS: विराट कोहली ने एक और उपलब्धि की अपने नाम, सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को किया ध्वस्त - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs AUS: विराट कोहली ने एक और उपलब्धि की अपने नाम, सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को किया ध्वस्त

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मुकाबले के दौरान भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने सभी प्रारूपों को मिलाकर 25,000 रन पूरे किए।

Sachin Tendulkar and Virat Kohli (Pic Source-Twitter)
Sachin Tendulkar and Virat Kohli (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मुकाबले के दौरान भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने सभी प्रारूपों को मिलाकर 25,000 रन पूरे किए। बता दें, यह टेस्ट दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा था। इसी के साथ कोहली ने क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

बता दें, भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 115 रन का लक्ष्य दिया था। भले ही कोहली दूसरी पारी में बड़ा स्कोर ना बना पाए हों लेकिन उनके महत्वपूर्ण 20 रन की बदौलत अब भारतीय बल्लेबाज ने 25,000 रन के रिकॉर्ड को 549 पारियों में हासिल किया। उनके आदर्श सचिन तेंदुलकर ने इसी उपलब्धि को 577 पारियों में बनाया था। रिकी पोंटिंग ने 588 मुकाबलों में 25,000 रन पूरे किए थे जबकि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक कालिस ने इस उपलब्धि को 594 मुकाबलों में अपने नाम किया था।

दिल्ली टेस्ट को भारत ने छह विकेट से किया अपने नाम

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट नागपुर में खेला गया था जिसमें मेजबान ने एक पारी और 132 रन से जीत दर्ज की थी। दूसरे टेस्ट मुकाबले को जीतना ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद जरूरी था हालांकि जडेजा और अश्विन ने ऐसा होने नहीं दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 263 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 262 रन बनाए। 1 रन की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी को शुरू किया। भारत के शानदार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने दूसरी पारी में 7 विकेट झटककर ऑस्ट्रेलिया टीम की बल्लेबाजी को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। जडेजा के अलावा अश्विन ने दूसरी पारी में 3 विकेट अपने नाम किए।

115 रन के लक्ष्य को भारत ने 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली जबकि चेतेश्वर पुजारा ने भी 31* रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

close whatsapp