IND vs AUS: अहमदाबाद टेस्ट मैच के लिए तैयार हो रही हैं दो पिच, ऑस्ट्रेलियाई खेमे में मची खलबली
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद में खेला जाएगा।
अद्यतन - Mar 8, 2023 10:52 am

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज में अब तक जितने भी मुकाबले खेले गए हैं, उसमें पिच को लेकर काफी चर्चा हुई है। सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला गया था जहां गेंद पहले दिन से ही टर्न हो रही थी।
ऑस्ट्रेलिया मीडिया भारतीय मैनेजमेंट पर टेस्ट मैच के लिए खराब पिच तैयार करने को लेकर सवाल खड़े करते हुए नजर आई थी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद में खेला जाएगा। जिसे लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है।
आखिरी टेस्ट मैच के लिए तैयार हो रही हैं दो पिच
इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में भारत और ऑस्ट्रेलिया की पारी में पूरे 31 विकेट गिरे, जिसमें से 26 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने झटके थे। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट में भारत पर पलटवार करते हुए 9 विकेट से जीत हासिल की थी। लेकिन आईसीसी ने इंदौर टेस्ट के नतीजे के बाद पिच को खराब रेटिंग देते हुए तीन डिमेरिट पॉइंट दिए थे।
चौथा टेस्ट मैच जो अहमदाबाद में खेला जाएगा वहां की पिच को देख कर एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम और मीडिया दोनों का टेंशन बढ़ गया है। आपको बता दें अहमदाबाद पिच क्यूरेटर ने सीरीज डिसाइडर मैच के लिए दो पिच तैयार किए हैं। जिसके बाद से खिलाड़ियों के मन में ये सवाल है कि इस मैच के लिए कौन सी पिच को तैयार किया जाएगा।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार 7 मार्च को ट्रेनिंग सेशन के दौरान पिच को लेकर अपनी राय रखते हुए नजर आए। इस दौरान रोहित शर्मा भारतीय मैनेजमेंट को फुल सपोर्ट करते दिखे। रोहित शर्मा ने कहा, ‘हम घर पर अपनी पूरी ताकत के साथ खेलना चाहते हैं बाहर क्या बातें हो रही है हम उसके बारे में ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्पिन गेंदबाजी और बल्लेबाजी में गहराई हमारी ताकत है। खेल से ज्यादा लोग पिच के बारे में ज्यादा चर्चा कर रहे हैं।’