IND vs AUS: ‘हमें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए क्योंकि….’- तीसरे टेस्ट मैच से पहले कप्तान स्टीव स्मिथ ने बनाया खास प्लान
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 28, 2023 3:35 अपराह्न

ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पिछले दो मुकाबलों में बुरी तरह फ्लॉप दिखी है। दिल्ली टेस्ट में कंगारू टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस पारिवारिक कारणों के चलते तीसरे मैच से बाहर हो गए हैं।
उनकी गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। इसी बीच तीसरे टेस्ट मैच से पहले स्मिथ ने कुछ बड़े बयान दिए हैं और साथ ही में ये भी बताया है कि, उनकी टीम इस टेस्ट मैच में किस मानसिकता के साथ खेलने उतरेगी।
अपने विकेट को लेकर स्टीव स्मिथ ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
दिल्ली टेस्ट की दूसरी इनिंग में ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजों ने स्पिनर्स के सामने घुटने तक दिए थे। स्पिनर के खिलाफ स्वीप शॉट खेल बल्लेबाज विकेट गंवाते हुए नजर आए थे। स्टीव स्मिथ पहली इनिंग में शून्य और दूसरी इनिंग में (9 रन) पर आउट हो गए थे। अपने विकेट पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टीव स्मिथ ने कहा, ‘मैंने 95 (94) टेस्ट मैच खेले हैं। मेरे करियर में ऐसा बहुत बार नहीं हुआ है जब मैं फील्ड में क्या कर रहा हूं इसे लेकर चकित हुआ हूं।’
स्मिथ ने आगे कहा, ‘यह वह तरीका नहीं था जिस तरह से मैं खेलना चाहता था। हमने बहुत जल्दबाजी की है और यह वह चीज है जिसके बारे में हम (बुधवार 1 मार्च) को बात करेंगे। हमें चीजों को थोड़ा आराम से करना होगा रिस्क लेकर नहीं खेलना होगा। शुरू के दो टेस्ट मैच में हम थोड़ी जल्दबाजी कर गए।
जडेजा और अश्विन के खिलाफ चीजें आसान नहीं है- स्टीव स्मिथ
इस सीरीज में अब तक भारतीय स्पिनर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं अब तीसरे टेस्ट मैच से पहले स्टीव स्मिथ रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं।
स्टीव स्मिथ ने आगे बात करते हुए कहा, ‘जिस तरह से अश्विन और जडेजा ने गेंदबाजी की, यह बिल्कुल भी आसान नहीं है। वह चाहते थे हम उनके हिसाब से खेलें। जब हम दबाव में थे तब हम थोड़ा धीमा जाना चाहते थे। मुझे लगता है कि दुनिया के किसी भी कोने में पारी की शुरूआत करना कठिन है। कभी-कभी आप अच्छी गेंद पर भी आउट हो जाते हैं।’