IND vs BAN, 1st Test: Day-1 Highlights: अश्विन ने ठोका शतक, दिन के अंत तक भारत का स्कोर 330+ पार - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs BAN, 1st Test: Day-1 Highlights: अश्विन ने ठोका शतक, दिन के अंत तक भारत का स्कोर 330+ पार

भारत ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 144 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे।

IND vs BAN (Photo Source: X/Twitter)
IND vs BAN (Photo Source: X/Twitter)

IND vs BAN, 1st Test: Day-1 Highlights: भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 सितंबर से एमए. चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक में खेला जा रहा है। बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम इंडिया ने पहले दिन के अंत तक 6 विकेट के नुकसान पर 339 रन बना लिए हैं। आइए आपको आज खेल के पहले दिन का सारा हाइलाइट्स बताते हैं-

IND vs BAN: पहले सेशन में भारत ने गंवाए 3 बड़े विकेट

बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को पहला झटका छठे ओवर में ही लगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 19 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हसन महमुद के खिलाफ आउट हो गए। रोहित ने गेंद को हल्के हाथों से खेला लेकिन आउटसाइड एज लगा और सेकंड स्लिप पर नजमुल हुसैन शान्तो ने अच्छा कैच पकड़ा।

हसन महमुद ने फिर शुभमन गिल और विराट कोहली पर भी शिकंजा कसा। गिल 8 गेंदें खेलकर डक पर आउट हुए। वहीं, विराट कोहली (6) 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर ड्राइव करना चाहते थे, लेकिन आउटसाइड एज लगा और गेंद विकेटकीपर लिटन दास के हाथों में चली गई। टीम इंडिया ने 10 ओवरों के अंदर 34 के स्कोर पर तीन बड़े विकेट गंवा दिए।

IND vs BAN: ऋषभ पंत और जायसवाल के बीच हुई 62 रनों की साझेदारी

शुरुआती तीन झटकों के बाद यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हुई। पंत ने 52 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 39 रन बनाए।

यशस्वी जायसवाल ने ठोका अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में भारत के लिए 118 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 56 रनों की पारी खेली। उन्होंने 95 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। यशस्वी पारी के 42वें ओवर में नाहिद राणा के खिलाफ आउट हुए। इसके बाद अगले ही ओवर में केएल राहुल 16 रन पर मेहदी हसन मिराज के हाथों आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई।

IND vs BAN: जड्डू और अश्विन ने दिखाया अपना दम

144 के स्कोर पर भारत के 6 विकेट गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि पहले दिन ही बांग्लादेश की बल्लेबाजी देखने को मिलेगी। लेकिन रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के इरादे कुछ और ही थे। अश्विन ने अपने होमग्राउंड पर शानदार खेल दिखाते हुए 108 गेंदों में शतक पूरा किया, यह टेस्ट क्रिकेट में उनका छठा शतक है।

वहीं, दूसरी ओर जडेजा ने 73 गेंदो में फिफ्टी पूरी कर टेस्ट करियर में 21वां अर्धशतक जड़ा। पहले दिन के अंत तक दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी हो चुकी है। अश्विन (102*) और रवींद्र जडेजा (86*) नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं।

बांग्लादेश के लिए पहले दिन हसन महमुद ने 18 ओवरों में 58 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, नाहिद राणा और मेहदी हसन मिराज के नाम 1-1 विकेट शामिल रहे।

close whatsapp