IND vs ENG 2024: क्या बुमराह की तरह यॉर्कर स्पेशलिस्ट बनना चाहते हैं मियां सिराज? सामने आया भारतीय गेंदबाज का बड़ा बयान
मोहम्मद सिराज ने अपने 21.1 ओवरों में दो मेडेन ओवर डालें और 84 रन देते हुए चार विकेट झटके।
अद्यतन - फरवरी 17, 2024 7:33 अपराह्न

England’s Test tour of India 2024, IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मुकाबले के तीसरे दिन बेहद जबरदस्त गेंदबाजी की है।
मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने अपने 21.1 ओवरों में दो मेडेन ओवर डालें और 84 रन देते हुए चार विकेट झटके। इस दौरान सिराज ने ओली पॉप, बेन फॉक्स, रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन का विकेट लिया और टीम इंडिया को इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पहली पारी में 319 रनों पर रोकने में मदद की।
राजकोट में चमके Mohammed Siraj
राजकोट टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के समापन के बाद मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने कहा कि उन्होंने विशाखापत्तनम में जसप्रीत बुमराह के यॉर्कर को मिस किया था, क्योंकि वह ब्रेक पर थे, इसलिए उन्होंने तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन राजकोट में यॉर्कर के साथ इंग्लैंड के बल्लेबाजों को मजा चखाने का फैसला किया।
सिराज ने राजकोट में रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन को दो बेहतरीन यॉर्कर से क्लीन बोल्ड किया। इस बीच, भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा जब वह ब्रेक पर थे, तो उन्होंने अपने साथी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की नकल करने की कोशिश करने का सोचा था।
‘मैंने बस ब्रेक एन्जॉय किया’
मोहम्मद सिराज ने जिओसिनेमा के हवाले से कहा: “मैंने कुछ नहीं किया। मैं अपने परिवार के साथ था और मैंने बस एन्जॉय किया। मैंने 5 दिनों का ब्रेक लिया और फिर मैंने घर पर ही ट्रेनिंग की। मैं घर पर जसप्रीत बुमराह भाई की यॉर्कर को मिस कर रहा था, इसलिए मैंने सोचा कि मैं इसे यहीं राजकोट में करूंगा। पिच से ज्यादा सहायता नहीं मिल रही है। उस दौरान यॉर्कर एक विकल्प था और मुझे वह रिजल्ट मिला, जिसकी मैं तलाश कर रहा था।”
भारतीय तेज गेंदबाज ने आगे कहा: “ऐश भाई (आर अश्विन) के नहीं होने से हम मैदान पर केवल चार गेंदबाज थे। हमारी जिम्मेदारी इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की थी। हमने फैसला किया कि हम अपनी लेंथ पर कायम रहेंगे और उनकी गलतियों का इंतजार करेंगे।”