IND vs ENG: पहले वनडे में 248 पर सिमटा इंग्लैंड, जडेजा और डेब्यूटेंट हर्षित राणा ने झटके 3-3 विकेट
इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 249 रनों का लक्ष्य रखा है।
अद्यतन - फरवरी 6, 2025 5:22 अपराह्न

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 6 फरवरी को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 47.4 ओवरों में 248 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए डेब्यूटेंट हर्षित राणा और स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए। आइए आपको पहली पारी का सारा हाइलाइट्स बताते हैं-
IND vs ENG: अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई इंग्लैंड की टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम को शानदार शुरुआत मिली थी। फिल साल्ट और बेन डकेट की जोड़ी भारतीय गेंदबाजों पर पूरा दबाव डालती हुई नजर आ रही थी। लेकिन फिर 9वें ओवर में श्रेयस अय्यर की शानदार फील्डिंग के चलते साल्ट रन आउट हो गए और 75 के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा।
फिल साल्ट ने 26 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 43 रन की पारी खेली। इसके बाद हर्षित राणा ने 10वें ओवर में बेन डकेट (32) और हैरी ब्रुक को डक पर आउट कर इंग्लैंड को दोहरे झटके दे दिए।
जोस बटलर और बैथेल ने खेली अर्धशतकीय पारी
कप्तान जोस बटलर ने 67 गेंदों में चार चौकों की मदद से 52 रन की सर्वाधिक पारी टीम के लिए खेली। जबकि जैकब बैथेल ने 64 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं, जोफ्रा आर्चर ने 18 गेंदों में नाबाद 21 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी निचले क्रम के बल्लेबाज योगदान नहीं दे पाए।
IND vs ENG: भारतीय टीम ने की शानदार गेंदबाजी
भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने कमाल का स्पैल डालते हुए 9 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने जो रूट (19), जैकब बैथेल (51) और आदिल रशीद (8) का विकेट चटकाया। वहीं, हर्षित राणा ने 7 ओवर में 53 रन देकर तीन विकेट झटके। इनके अलावा, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के नाम 1-1 विकेट शामिल रहे।