IND vs NZ, 1st Test: Day 2 Highlights: रोहित-कोहली के शर्मनाक प्रदर्शन से लेकर डेवोन कॉन्वे के 91 पर विकेट गंवाने तक - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs NZ, 1st Test: Day 2 Highlights: रोहित-कोहली के शर्मनाक प्रदर्शन से लेकर डेवोन कॉन्वे के 91 पर विकेट गंवाने तक

दूसरे दिन के खेल के बाद न्यूजीलैंड की टीम 134 रनों से आगे चल रही है।

IND vs NZ (Photo Source: Getty Images)
IND vs NZ (Photo Source: Getty Images)

IND vs NZ, 1st Test: Day 2 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जा रहा है। बारिश के चलते खेल का पहला दिन बिना टॉस हुए रद्द हो गया था। आज दूसरे दिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उलटा पड़ गया।

टीम इंडिया पहली पारी 46 रनों पर ऑलआउट हो गई जो टेस्ट क्रिकेट में टीम का तीसरा लोएस्ट टोटल है। दिन के अंत तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 180 रन बना लिए हैं। रचिन रवींद्र (22*) और डेरिल मिचेल (14*) नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं। आइए आपको दूसरे दिन के खेल का सारा हाइलाइट्स बताते हैं

IND vs NZ, 1st Test: 10 के स्कोर पर भारत ने गंवाए 3 विकेट

पहली पारी में भारत को पहला झटका सातवें ओवर में मात्र 9 रन के स्कोर पर लगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को टिम साउदी ने क्लीन बोल्ड किया। रोहित शर्मा ने ड्राइव करने की कोशिश की, गेंद इनसाइड एज को बीट करते हुए सीधे स्टंप्स से टकरा गई। रोहित शर्मा 16 गेंदों में मात्र दो रन बना पाए।

विराट कोहली आज नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे क्योंकि शुभमन गिल पूरी तरह से फिट नहीं है। इस वजह से उन्हें प्लेइंग 11 से ड्राप कर दिया गया। विराट 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर विलियम ओ रुर्के के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। कोहली ने डिफेंड करने की कोशिश की और गेंद लेग गली में ग्लेन फिलिप्स की तरफ जाने से पहले उनके ऊपरी दस्ताने में फंस गई।

फिलिप्स ने आगे की तरफ छलांग लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा। विराट को फिर तीन गेंदें खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौटना पड़ा। इसके बाद अगले ही ओवर में सरफराज खान मैट हेनरी के खिलाफ डक पर आउट हो गए और भारत ने 10 के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवाया।

राहुल, जडेजा और अश्विन भी डक पर हुए आउट

यशस्वी जायसवाल से टीम को काफी उम्मीदें थी, लेकिन वो भी विलियम ओ रुर्के का शिकार बने। यशस्वी ने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया, लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर एजाज पटेल ने दोनों हाथों से एक शानदार कैच लपका। यशस्वी 63 गेंदों में एक चौके की मदद से मात्र 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

विलियम ओ रुर्के ने फिर केएल राहुल को डक पर आउट कर भारत को मात्र 33 के स्कोर पर पांचवां झटका दिया। इसके बाद रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन मैट हेनरी के खिलाफ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। और 34 के स्कोर पर भारत ने 7 विकेट खो दिए।

IND vs NZ: ऋषभ पंत ने बनाए 20 रन

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत ने 49 गेंदों में दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 20 रनों की पारी खेली। ऋषभ 26वें ओवर में मैट हेनरी का शिकार बने, पंत ने डिफेंड करने की कोशिश की, आउटसाइड एज लगा और सेंकड स्लिप पर टॉम लैथम ने कोई गलती नहीं की।

पंत के बाद विलियम ओ रुर्के ने जसप्रीत बुमराह (1) को आउट किया। फिर मैट हेनरी ने कुलदीप यादव (2) को आउट कर पांच विकेट पूरा किया। टीम इंडिया 31.2 ओवरों में 46 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 13.2 ओवरों में 15 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए। वहीं, विलियम ओ रुर्के ने चार और टिम साउदी ने एक विकेट लिया।

कुलदीप यादव ने दिलाई भारत को पहली सफलता

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने स्पैल के दूसरे ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को अपना शिकार बनाया। उन्होंने पहले ओवर में भी लैथम को काफी परेशान किया था। गूगली गेंद थी, लैथम ठीक से पढ़ नहीं पाए और डिफेंड करने के चक्कर में लाइन के बाहर खेल गए।

कुलदीप ने LBW के लिए जोरदार अपील की, ऑनफील्ड अंपायर ने दिलचस्पी नहीं दिखाई और फिर रोहित ने गेंदबाज और विकेटकीपर से बात करने के बाद रिव्यू लिया। बॉल ट्रैकिंग में तीनों डॉट रेड हुए और भारत को पहली सफलता मिली। टॉम लैथम ने 49 गेंदों में 15 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के कप्तान और डेवोन कॉनवे के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई।

IND vs NZ: जडेजा ने तोड़ी कॉन्वे और विल यंग के बीच की साझेदारी

रवींद्र जडेजा ने विल यंग और डेवोन कॉन्वे के बीच की 75 रनों की साझेदारी को तोड़ न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। विल यंग ने शॉट खेलने में जल्दबाजी कर दी, उन्होंने स्वीप किया, टॉप-एज लगा और शॉर्ट फाइन लेग पर कुलदीप यादव ने अच्छा कैच पकड़ा। विल यंग 73 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए।

अश्विन के खिलाफ 91 रन पर आउट हुए डेवोन कॉन्वे

रविचंद्रन अश्विन ने 40वें ओवर में डेवोन कॉन्वे को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। कॉन्वे शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे। डेवोन कॉन्वे ने रिवर्स स्वीप शॉट खेला लेकिन गेंद स्टंप्स से टकरा गई। कॉन्वे ने 105 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 91 रनों की पारी खेली। बता दें, कॉन्वे ने अश्विन के खिलाफ 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टेस्ट क्रिकेट में 10वां अर्धशतक पूरा किया था।

 

close whatsapp