Virat Kohli At No.3 in Test

IND vs NZ: आठ साल बाद नंबर तीन पर बैटिंग करने आए विराट कोहली, बनाया अनचाहा रिकॉर्ड

बेंगलुरु टेस्ट में विराट कोहली 9 गेंदों में बिना खाता खोले हुए आउट।

Virat Kohli (Photo Source: Getty Images)
Virat Kohli (Photo Source: Getty Images)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली बुरी तरह फ्लॉप रहे। विराट कोहली इस मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हो गए। विराट कोहली काफी लंबे समय के बाद इस मैच में तीसरे नंबर पर बैटिंग करने के लिए उतरे थे।

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के जल्द आउट होने के बाद फैंस को विराट कोहली से काफी ज्यादा उम्मीदें थी। सभी ऐसा मान रहे थे कि, आज उनके आईपीएल होम ग्राउंड पर उनसे बड़ी पारी देखने को मिलेगी, लेकिन कोहली 9 गेंद का सामना करने के बाद बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। विराट का ये खराब फॉर्म टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।

शुभमन गिल की जगह विराट कोहली ने की नंबर तीन पर बल्लेबाजी

शुभमन गिल को बेंगलुरू टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है। अनफिट होने की वजह से वो इस मैच में नहीं खेल सके। इसी वजह से विराट कोहली ने उनकी जगह तीसरे नंबर पर बैटिंग की। विराट कोहली ने आठ साल के बाद टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की। उन्होंने इससे पहले आखिरी बार 2016 में तीसरे नंबर पर खेला था। इस बार जब वो तीन नंबर पर बैटिंग करने आए तो विलियम ओ राउरके की गेंद पर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।

विराट कोहली के इस फ्लॉप प्रदर्शन के बाद एक हैरान करने वाला आंकड़ा सामने आया है। उन्होंने टेस्ट मैचों में तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए सात पारियों में सिर्फ 16.16 की औसत से ही रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर इस दौरान 41 रन रहा है। इन आंकड़ों को देखकर पता चलता है कि विराट कोहली तीसरे नंबर पर उतने सफल नहीं रहते हैं लेकिन इसके बावजूद बेंगलुरू टेस्ट मैच में उन्हें इस पोजिशन पर भेजा गया।

विराट कोहली टेस्ट मैचों में आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ ही डक पर आउट हुए थे। 32 पारी पहले वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ वो शून्य पर पवेलियन लौटे थे और अब एक बार फिर कीवी टीम के खिलाफ ही डक पर आउट हुए हैं।

close whatsapp