IND vs SA Final Turning Point of Match: भारत ने कैसे जीता हारा हुआ वर्ल्ड कप फाइनल मैच, पढ़ें टर्निंग पॉइंट
IND vs SA Final Turning Point of Match: भारत ने अजेय रहते हुए चैंपियनशिप जीत ली है और इसके साथ ही 11 साल के ट्रॉफी के सूखे को भी खत्म कर दिया है।
अद्यतन - Jun 30, 2024 12:05 am

IND vs SA Final Turning Point of Match: टी20 विश्व कप 2024 का खिताबी मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। भारत ने अजेय रहते हुए चैंपियनशिप जीत ली है और इसके साथ ही 11 साल के ट्रॉफी के सूखे को भी खत्म कर दिया है।
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 169 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रनों से मुकाबले में जीत हासिल की।
साउथ अफ्रीका जीतने की प्रबल दावेदार थी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने खराब शुरुआत की लेकिन बाद में शानदार लय पकड़ लिया था। क्विंटन डी कॉक ने ट्रिस्टन स्टबस और उसके बाद हेनरिक क्लासेन के साथ साझेदारी की जिसने पूरा मैच साउथ अफ्रीका के पाले में डाल दिया था। हालांकि, क्विंटन डी कॉक 39 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन छक्के-चौके की बारिश नहीं रुक रही थी।
भारतीय गेंदबाजों की धुलाई हो रही थी और धीरे-धीरे मैच साउथ अफ्रीका के पाले में जा रहा था। क्विंटन डी कॉक के जाने के बाद हेनरिक क्लासेन भारत के लिए बड़ी मुसीबत बनकर सामने आ रहे थे। तभी कप्तान रोहित शर्मा ने हार्दिक पांड्या के हाथों में गेंद थमाई और उनपर भरोसा जताया।
17वें ओवर में भारत ने मैच पलटा (IND vs SA Final turning point of match )
17वें ओवर में 151 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लगा जिसने पूरा मैच बदल दिया। 16 ओवर तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 151 रन बना लिए थे। तब मिलर और क्लासेन क्रीज पर थे। आखिरी 24 गेंद में दक्षिण अफ्रीका को 26 रन चाहिए थे। 17वें ओवर में हार्दिक ने क्लासेन को आउट किया और मात्र चार रन दिए। क्लासेन ने मैच बदलने वाली 27 गेंद में 52 रन की पारी खेली थी।
हार्दिक के बाद जसप्रीत बुमराह ने मैच को पूरी तरह भारत के पाले में डाला
उसके बाद 18वें ओवर में बुमराह ने यानसेन को आउट किया और दो रन दिए। इसके बाद 19वें ओवर में अर्शदीप ने चार रन दिए। इन दोनों ओवर ने इतना दबाव डाला की दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ने बड़ा शॉट खेलने की सोच बनाई थी। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन चाहिए थे। हार्दिक ने पहली ही गेंद पर मिलर को आउट किया, वह सिक्स मारने गए और सूर्यकुमार ने अगर शानदार कैच नहीं पकड़ा होता तो मैच फंस सकता था।
उसके बाद दूसरी गेंद पर रबाडा ने चार रन बटोरे। तीसरी गेंद पर रबाडा ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर महाराज ने एक रन लिया। इसकी अगली गेंद वाइड रही। पांचवीं गेंद पर हार्दिक ने रबाडा को आउट किया। आखिरी गेंद पर एक रन आया और भारत ने सात रन से जीत हासिल की।