टीम इंडिया

World Cup 2023: श्रीलंका को 302 रनों से हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, दर्ज किया बड़ा रिकॉर्ड

टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है।

India vs Sri Lanka (Image Credit- Twitter X)
India vs Sri Lanka (Image Credit- Twitter X)

भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में अब तक शानदार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने अभी तक 7 मैच खेले हैं और सभी मैचों में जीत दर्ज की है। कल भारत ने अपना मैच श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े में खेला, जहां टीम इंडिया ने 302 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भी पहली टीम बन गई है।

श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया की जीत बहुत खास रही। दरअसल यह वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में भारतीय टीम की किसी भी टीम के खिलाफ रनों के अंतर से दर्ज की गई सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने बरमुडा को 2007 वर्ल्ड कप में 257 रनों से हराया था। वर्ल्ड कप के अलावा यह भारतीय टीम का वनडे फॉर्मेट इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया का प्रदर्शन रहा है शानदार

इससे पहले 2023 में श्रीलंकाई टीम को ही भारत ने 317 रनों के बड़े अंतर से मात दी थी। भारत ने अपने वनडे फॉर्मेट में दोनों सबसे बड़ी जीत श्रीलंका के खिलाफ ही हासिल की है। हालांकि इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। टीम के इसी फॉर्म को देखते फैंस को पूरी उम्मीद है कि 2011 के बाद भारतीय टीम इस बार वर्ल्ड कप अपने नाम करेगी।

वहीं आज के मुकाबले की बात करें तो इस मैच में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल का प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 357 रनों का स्कोर बनाया। इस मैच में शुभमन गिल ने 92, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रनों की शानदार पारियां खेली।

वहीं बल्लेबाजी के बाद भारतीय टीम के गेंदबाजों ने मैच में कहर बरपाया। भारतीय गेंदबाजों ने कमाल करते हुए श्रीलंकाई टीम को महज 55 रनों पर समेट दिया। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने 5 और मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट अपने नाम किया। इन दोनों के अलावा जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता हासिल हुई।

यह भी पढ़ें: CWC 2023: भारत बनाम श्रीलंका मैच खत्म होने के बाद जाने किसने क्या कहा?

close whatsapp