IND vs SL: मुकाबला जीतने के बावजूद खुद के प्रदर्शन से नाखुश हैं शुभमन गिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs SL: मुकाबला जीतने के बावजूद खुद के प्रदर्शन से नाखुश हैं शुभमन गिल

जब मैं 70 रन पर आउट हुआ तब मैं काफी निराश हुआ क्योंकि मैंने वहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की थी और मैं चाहता था कि अपनी टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाऊं: शुभमन गिल

Shubman Gill (Image Credit- Twitter)
Shubman Gill (Image Credit- Twitter)

10 जनवरी को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 67 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। भारत की ओर से अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 87 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 113 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

कोहली के अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 67 गेंदों में 9 चौके और तीन छक्कों की मदद से 83 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और 60 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली। गिल ने रोहित के साथ काफी शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 19.4 ओवर में 143 रन की बेहतरीन साझेदारी की।

हालांकि इसके बावजूद शुभमन गिल इस बात से काफी नाराज है कि उन्होंने पहले वनडे में शतक नहीं जड़ा। बता दें, पहले वनडे से पहले ही रोहित शर्मा ने इस बात की घोषणा कर दी थी कि पहले वनडे में उनके साथ शुभमन गिल ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। शर्मा के फैसले से तमाम लोग हैरान थे क्योंकि हाल ही में इशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया था।

मुझे शतक बनाना चाहिए था: शुभमन गिल

मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा कि, ‘जब मैं 70 रन पर आउट हुआ तब मैं काफी निराश हुआ क्योंकि मैंने वहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की थी और मैं चाहता था कि अपनी टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाऊं।’

गिल ने आगे कहा कि, ‘काफी अच्छा लगता है जब आप का कप्तान आपका साथ दे रहा हो। हम अभ्यास सत्र में भी यही बातचीत करते थे कि मुझे अपना नेचुरल खेल ही खेलना चाहिए और यही मैं वनडे प्रारूप में कर रहा हूं। मैं आगे भी ऐसा ही खेलता रहूंगा।’

गिल ने यह बयान तब दिया जब तमाम लोग इस बात की जमकर आलोचना कर रहे थे कि आखिर क्यों किशन की जगह इस युवा बल्लेबाज को मौका दिया गया।

शुभमन गिल के वनडे में प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक भारत के लिए 16 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 58.23 के औसत और 100.53 के स्ट्राइक रेट से 757 रन बनाए हैं। अब इन दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 12 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा।

close whatsapp