मुझे बिल्कुल भी यकीन नहीं हुआ जब मुझे पता चला कि मैं भारतीय टी-20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया हूं: सूर्यकुमार यादव - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुझे बिल्कुल भी यकीन नहीं हुआ जब मुझे पता चला कि मैं भारतीय टी-20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया हूं: सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ने इस साल 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़े और इस समय वो दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज है।

Suryakumar Yadav (Image Source: Getty Images)
Suryakumar Yadav (Image Source: Getty Images)

दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को श्रीलंका के खिलाफ अपने ही घर में होने वाली सीरीज में भारतीय टी-20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। बता दें, हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की टी-20 और तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए अलग-अलग टीम की घोषणा की है।

इस दल में कई अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है जबकि कुछ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। सबसे खास बात यह रही है कि सूर्यकुमार यादव को टी-20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है जबकि हार्दिक पांड्या को इस टीम का कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली टी-20 टीम में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे लेकिन इन तीनों ही खिलाड़ियों की वापसी वनडे सीरीज में होगी। वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे।

टी-20 कप्तान नियुक्त होने के बाद सूर्यकुमार यादव काफी खुश हैं और उन्होंने यही कहा कि उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि यह पद उन्हें मिलेगा। बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में यादव भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उनका मानना है कि उनको यह पद लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से मिला है।

यह मुझे किसी इनाम की तरह मिला है: सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ने द टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, ‘उपकप्तानी मिलना मेरे लिए काफी हैरान कर देने वाला मौका था। मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा कि यह मुझे किसी इनाम की तरह मिला है। मैंने पिछले 1 साल में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन करूंगा। मुझे यह बात मेरे पिता से पता चली जो सोशल मीडिया पर हमेशा रहते हैं। उन्होंने मुझे लिस्ट भेजी और एक छोटा मैसेज भी भेजा कि, ‘अब दबाव लेने की कोई जरूरत नहीं है सिर्फ अपनी बल्लेबाजी का लुफ्त उठाएं।’

‘मैंने बस अपनी आंखें बंद की और खुद से यही पूछा कि क्या यह सपना है? सच में यह पल मेरे लिए बहुत ही बड़ा है।’

सूर्यकुमार यादव के लिए 2022 साल रहा काफी शानदार

सूर्यकुमार यादव इस समय काफी शानदार फॉर्म में है। वो इस साल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने कुल 21 टी-20 पारियों में 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने इस साल 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़े और इस समय वो दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज है।

सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि, ‘यह अभी भी सपने जैसा लगता है। अपने आपको देखना और सुनना कि आप दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज हैं सच में कमाल का है। अगर किसी ने यह बात मुझे पहले बोली होती तो मुझे समझ नहीं आता कि मैं इस पर कैसे खुशी जाहिर करूं। जब मैंने पहले इस प्रारूप में खेलना शुरू किया था तो मैं सर्वश्रेष्ठ बनना चाहता था और इसलिए मैंने इस पर कड़ी मेहनत की।’

close whatsapp