IND vs NZ: टीम इंडिया के बल्लेबाज हुए कीवियों के सामने फुस्स, 46 रनों सिमटी पारी, बने कई रिकार्ड्स
विराट कोहली, सरफराज खान बेंगलुरु टेस्ट मैच में बिना खाता खोले आउट हुए।
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2024 7:35 अपराह्न

बेंगलुरु में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच का पहला दिन बारिश में धुल गया और दूसरे दिन टॉस हुआ। टीम इंडिया ने टॉस जीता और कप्तान रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो अभी तक गलत साबित हुआ। भारतीय पारी की शुरुआत से ही एक के बाद एक विकेट गिरते गए और पूरी भारतीय टीम 46 रनों पर ऑलआउट हो गई।
34 रन तक भारत ने सात विकेट गंवा दिए थे, जिसमें पांच बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। यह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया का सबसे कम स्कोर है। भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक रन ऋषभ पंत ने बनाए, उन्होंने 20 रनों की पारी खेली। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 13 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया।
भारतीय टीम का अपने घर में ये सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उसने साल 1987 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी में 75 रन बनाए थे। साथ ही भारत में किसी टेस्ट मैच में एक टीम का ये सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने साल 2021 में भारत के खिलाफ मुंबई टेस्ट मैच के दौरान 62 रन बनाए थे।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम का ये तीसरा लोएस्ट स्कोर है। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में ये भारत का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले भारतीय टीम साल 1976 में वेलिंगटन टेस्ट मैच में अपनी दूसरी पारी में 81 रनों पर आउट हो गई थी। यानी भारतीय टीम ने अपना 48 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत का सबसे कम स्कोर भारत में (टेस्ट क्रिकेट)
- 46 – भारत बनाम न्यूजीलैंड, बेंगलुरु, 2024*
- 62 – न्यूजीलैंड बनाम भारत, मुंबई, 2021
- 75 – भारत बनाम वेस्टइंडीज, दिल्ली, 1987
- 76 – भारत बनाम साउथ अफ्रीका, अहमदाबाद, 2008
- 79 – साउथ अफ्रीका बनाम भारत, नागपुर, 2015