“भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में मिल रहा है फायदा”- कमिंस का हैरान करने वाला बयान
चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले में जीत दर्ज की है।
अद्यतन - Feb 25, 2025 1:24 pm

भारत ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली हार का बदला ले लिया है। भारत ने इससे पहले बांग्लादेश को अपने पहले मुकाबले में बुरी तरह हराया था। दो मैचों में लगातार जीत दर्ज करते हुए टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
जारी टूर्नामेंट का आयोजन हाईब्रिड मॉडल के तहत किया जा रहा है। इस तरह लीग चरण में टीम इंडिया को अपने तीनों मैच दुबई में खेलने हैं। सेमीफाइनल और फाइनल में अगर टीम इंडिया जगह बना लेती है, तो उन मैचों का आयोजन भी दुबई में ही किया जाएगा। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने आईसीसी को निशाना बनाते हुए इस फैसले की आलोचना की है।
भारत को टूर्नामेंट में एडवांटेज मिला है- पैट कमिंस
कमिंस का मानना है कि, दुबई में ही सभी मैचों का आयोजन करना सही नहीं है। कमिंस के अनुसार इससे टीम इंडिया को टूर्नामेंट में एडवांटेज मिला है। Yahoo Sports ऑस्ट्रेलिया से बात करते हुए कमिंस ने कहा कि,
“टूर्नामेंट अच्छा चल सकता है लेकिन जाहिर है कि एक ही मैदान पर मुकाबले होने से टीम को फायदा मिलता है। वे पहले से ही मजबूत दिखे हैं और एक ही मैदान पर खेलने से स्पष्ट रूप से लाभ मिला है।”
गौरतलब है कि कमिंस आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गए हैं। स्टीव स्मिथ इस वक्त ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे हैँ। चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए छह टीमें पाकिस्तान पहुंची है। बांग्लादेश, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें इसमें शामिल हैं।
आपको बता दें कि, भारत की टीम को वहां सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान नहीं भेजा गया है। भारत के सभी मैचों का आयोजन दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में ही होना है। देखना होगा कि आने वाले मैचों में भारत का प्रदर्शन कैसा रहता है। आगामी मैच में भी टीम इंडिया अपने जीत के लय को बरकरार रखना चाहेगी।