नासिर हुसैन की बड़ा बयान, वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम को बताया ‘डरपोक’
भारतीय टीम ICC प्रतियोगिताओं में काफी निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है जो वाकई चिंता का विषय है: नासिर हुसैन
अद्यतन - अक्टूबर 12, 2022 5:54 अपराह्न

हाल ही में संपन्न हुई दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को भारतीय टीम ने 2-1 से अपने नाम किया। इस सीरीज का तीसरा वनडे मुकाबला दिल्ली में खेला गया था जिसमें भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीतकर एक और द्विपक्षीय सीरीज अपने नाम की। जहां एक तरफ द्विपक्षीय सीरीज में भारत को हराना नामुमकिन साबित हो रहा है वहीं ICC प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।
इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने इस पर अपनी टिप्पणी दी है। रोहित शर्मा के कप्तान बनने के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन में काफी निखार आया है। उन्होंने द्विपक्षीय सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया है। हाल ही में हुए एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया था। वो इस टूर्नामेंट के सुपर 4 से बाहर हो गई थी। नासिर हुसैन का मानना है कि भारतीय टीम के आक्रामक बल्लेबाजी रवैया ने उनके खेल में काफी परिवर्तन किया है।
स्काई स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान नासिर हुसैन ने कहा कि, ‘भारतीय टीम ICC प्रतियोगिताओं में काफी निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है जो वाकई चिंता का विषय है। वो दुनियाभर में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और सभी को मात दे रहे हैं लेकिन उसके बाद वो अपने खिलाड़ियों को आराम दे रहे हैं।
सच्चाई यही है कि उन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में काफी ‘डरपोक’ क्रिकेट खेला है जिसकी वजह से उनके खेल में काफी परिवर्तन हुआ है। उन्होंने निश्चित रूप से पिछले विश्वकप में काफी आक्रमक क्रिकेट खेला खासतौर पर पावरप्ले में।’
ICC टूर्नामेंट्स में टीम इंडिया को करना होगा अच्छा प्रदर्शन: नासिर हुसैन
बता दें, आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम अपने दो बेहतरीन खिलाड़ियों के बिना खेलने गई हैं- रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह। भारतीय टीम को लेकर नासिर हुसैन ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि, ‘भारतीय टीम को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी क्षमता को बनाए रखना होगा। सूर्यकुमार यादव इस समय अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं।
जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की कमी उन्हें खूब खलने वाली है। लेकिन टीम के पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो मुकाबले को कभी भी बदलने की क्षमता रखते हैं। जिस मानसिकता से टीम द्विपक्षीय सीरीज में प्रदर्शन कर रही है वैसा ही उन्हें ICC प्रतियोगिताओं में भी करना बेहद जरूरी है।’