वेस्टइंडीज दौरे को लेकर आई बड़ी खबर! टेस्ट सीरीज से पहले ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा बनेगी टीम इंडिया
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सायकल 2023-25 की शुरूआत भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से करेगी।
अद्यतन - जून 24, 2023 6:04 अपराह्न

भारत (India) और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 12 जुलाई से खेली जाएगी। जिसके लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे, वहीं अजिंक्य रहाणे उपकप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। अजिंक्य रहाणे ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से भारतीय टीम में वापसी की है।
भारत को हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को लगातार दो बार WTC फाइनल में हार झेलनी पड़ी है। इसी बीच वेस्टइंडीज दौरे के टेस्ट सीरीज से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल भारत सीरीज शुरू होने से पहले एक हफ्ते के ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा बनने वाली है।
दो अभ्यास मैच भी खेलना चाहती है टीम इंडिया
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 12 जुलाई से विंसडर पार्क डोमिनिका में खेला जाएगा। पहले टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया केंसिंग्टन ओवल मैदान पर एक सप्ताह के ट्रेनिंग कैंप के लिए ब्रिजटाउन, बारबाडोस में इकट्ठा होगी।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम सीरीज से पहले दो अभ्यास मैच भी खेलना चाहती है। जिसके लिए बीसीसीआई वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड और क्रिकेट बारबाडोस से बातचीत कर रही है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के एक अधिकारी ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा, ‘वे केंसिंग्टन ओवल में ट्रेनिंग ले रहे हैं, जब तक कि हम उन्हें टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले निजी तौर पर डोमिनिका नहीं भेज देते। टीम मैनेजमेंट ने डोमिनिका के कैपिटल रोसेउ के बजाय बारबाडोस को चुना, क्योंकि रोसेउ में सुविधाएं उतनी नहीं है।’
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम और सपोर्ट स्टॉफ अलग-अलग ग्रुप में बारबाडोस पहुंचेंगे। क्योंकि इस क्षेत्र के लिए फ्लाइट की टिकटें मिलने में मुश्किलें हो रही है।
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया में चयन होने के बाद कुछ ऐसा था यशस्वी जायसवाल के पिता का रिएक्शन
वेस्टइंडीड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, यश्सवी जायसवाल, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जयदेव उनादकट, नवदीप सैनी
भारत बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज फुल शेड्यूल-
पहला मैच- 12 जुलाई से 17 जुलाई, शाम 7ः30 बजे, विंसडर पार्क डोमिनिका
दूसरा मैच- 20 जुलाई से 25 जुलाई, शाम 7ः30 बजे, क्विंस पार्क ओवल