IND vs AUS

IND vs AUS: 13 साल बाद भारत को मिली मेलबर्न में हार, बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की रोमांचक जीत

मेलबर्न टेस्ट की दूसरी पारी में 155 रन बनाकर ऑलआउट हुई टीम इंडिया।

IND vs AUS (Photo Source: Getty Images)
IND vs AUS (Photo Source: Getty Images)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया, जहां मेजबान टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की। टेस्ट मैच की चौथी पारी में कंगारू टीम ने भारत को 155 रन के स्कोर पर आउट कर मैच को 184 रन से अपने नाम किया। इस शानदार जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तीनों ही डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन किया।

भारतीय टीम को इस मैच को जीतने के लिए आज 340 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन भारत के बल्लेबाज तीन सत्र भी बैटिंग नहीं कर सके और पूरी टीम दिन के तीसरे सत्र में ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया 13 साल बाद मेलबर्न में कोई टेस्ट मैच हारी है। इससे पहले भारतीय टीम को 2011 में हार मिली थी। अब पांचवां और आखिरी टेस्ट तीन जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा। 

IND vs AUS: भारत के लिए अब WTC फाइनल में पहुंचना नामुमकिन

रोहित की कप्तानी में पिछले दो महीने में छह टेस्ट में टीम इंडिया को पांचवीं हार मिली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से हार के बाद भारत को एडिलेड में और फिर अब मेलबर्न में हार मिली है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। स्टीव स्मिथ ने जोरदार शतक जमाया था। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 369 रन बनाए।

21 साल के नीतीश रेड्डी ने भारत के लिए बेहतरीन शतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 105 रनों की बढ़त मिली थी। इसके बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 234 रन पर समेट दिया। इस तरह बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 340 रनों का लक्ष्य रखा। लेकिन टीम इंडिया न तो यह मैच जीत सकी और न ही ड्रॉ करा सकी। इस मैच में भारत के बल्लेबाजों को सिर्फ तीन सत्र निकालने थे।

इस हार के साथ ही भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी झटका लगा है। अब टीम इंडिया को अन्य टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। साथ ही सिडनी में अगले टेस्ट को जीतना ही होगा। अब टीम अगर अगर अगला मैच ड्रॉ करती है या हारती है, तो वो फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी।

close whatsapp