IND v SA: रांची वनडे पर भी मंडरा रहा है बारिश का साया, जानिए कैसा रहेगा वहां का मौसम
तीन मैचों की वनडे सीरीज में फ़िलहाल दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2022 11:06 पूर्वाह्न

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही मैच में अफ्रीकी टीम ने 9 रन से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। शिखर धवन की अगुवाई वाली टीम इंडिया के खिलाड़ियों की नजरें अब दूसरे मैच में वापसी करने पर होगी। सीरीज का दूसरा मैच रांची में खेला जाएगा।
इससे मैच से ठीक पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका है। टीम के स्टार गेंदबाज दीपक चाहर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दूसरे एकदिवसीय मैच से पहले बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि तेज गेंदबाज को चोट के कारण एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था, और वाशिंगटन सुंदर को उनके रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया गया है। इससे पहले चाहर चोट की वजह से चाहर लगभग छह महीने तक क्रिकेट से दूर रहे थे।
द मेन इन ब्लू ने शुरुआती मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर ने इस मैच में बल्ले के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। अय्यर ने जहां 50 रन बनाए वहीं सैमसन ने नाबाद 86 रन की शानदार पारी खेली। दोनों की पारी के बदौलत भारत इस मैच में जीत के बेहद करीब पहुंच गया था लेकिन अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अगर रांची में मौसम ने साथ दिया तो भारत यहां मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगा। इससे पहले लखनऊ में खेले गए पहले वनडे को बारिश की वजह से घटाकर 40-40 ओवर का कर दिया गया था। ऐसे में रांची में रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
दूसरे वनडे मैच में कैसा रहेगा रांची का मौसम?
दूसरा मैच रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। Weather.com की एक रिपोर्ट के अनुसार, रांची में शाम 6 बजे के बाद बारिश की उम्मीद है। मैच दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा। उस वक्त तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। इस दौरान ह्यूमीडिटी के भी 45 से 50 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। साथ ही मैच के दौरान सात किमी प्रतिघंटे की रफ्तार के हवा चलेगी।