जेमिमा और रिचा की पारी ने जीता करोड़ों भारतवासियों का दिल, पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त - क्रिकट्रैकर हिंदी

जेमिमा और रिचा की पारी ने जीता करोड़ों भारतवासियों का दिल, पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त

भारत की ओर से शानदार बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 38 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 53 रन की बेहतरीन नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।

India Women Team vs Pakistan (Pic Source-Twitter)
India Women Team vs Pakistan (Pic Source-Twitter)

केपटाउन में खेले गए शानदार मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात देकर अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2023 अभियान की बेहतरीन तरीके से शुरुआत की। रिचा घोष और जेमिमा रॉड्रिग्ज ने शानदार नाबाद पारी खेल भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बता दें, अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना उंगली में चोट लगने की वजह से इस मैच में नहीं खेल पाई लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने उनकी कमी बिल्कुल भी महसूस नहीं होने दी।

मुकाबले की बात की जाए तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 149 रन बनाए। कप्तान बिस्माह मारूफ ने 55 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 68 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा आयशा नसीम ने 25 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली ने 12 रन का योगदान दिया।

भारत की ओर से राधा यादव ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। राधा के अलावा दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर एक-एक विकेट अपने नाम किया।

जेमिमा रॉड्रिग्ज और रिचा घोष ने खेली शानदार मैच जिताऊ पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी अच्छी रही। शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में चार चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली। उनके साथ इस मैच में ओपनिंग करने आई यास्तिका भाटिया ने 20 गेंदों में दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 16 रन का योगदान दिया।

हालांकि भारत की ओर से शानदार बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 38 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 53 रन की बेहतरीन नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने उनका साथ बखूबी निभाया और 20 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31* रन बनाए। इन दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 58* रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने किसी भी पाकिस्तानी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। भारत ने इस लक्ष्य को 3 विकेट खोकर 19 ओवर में ही हासिल कर लिया।

पाकिस्तान की ओर से नाशरा संधू ने 4 ओवर में 15 रन देकर दो विकेट झटके जबकि सादिया इकबाल ने 4 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। भारतीय टीम ने अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत काफी शानदार तरीके से की। ग्रुप बी में भारतीय टीम इस जीत के साथ 2 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर आ चुकी है।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद तमाम लोगों ने ट्विटर में दी अपनी प्रतिक्रिया:

 

 

 

close whatsapp