5 कप्तान जिनकी कप्तानी में भारत ने जीता एशिया कप, लिस्ट में विराट कोहली का नाम शामिल नहीं
आइए इन कप्तानों की सूची पर नजर डालते हैं
अद्यतन - Aug 17, 2025 3:02 pm

आगामी एशिया कप का 17वां सीजन 9 सितंबर से यूएई में शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में दो ग्रुप में 8 टीमों बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई हैं, तो ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं।
खैर, इस टूर्नामेंट में भारत के साथ-साथ अन्य टीमें भी खिताब जीतने के लिए पूरी कोशिश करती हुई नजर आएंगी। साथ ही बता दें कि भारत ने सबसे ज्यादा 8 बार अलग-अलग कप्तानों की कप्तानी में एशिया कप को अपने नाम किया है। तो वहीं, आज इस खबर में हम आपको ऐसे पांच भारतीय कप्तानों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप को अपने नाम किया है। आइए इन कप्तानों के बारे में जानते हैं:
1. सुनील गावस्कर
भारत ने सबसे पहले एशिया कप पूर्व भारतीय कप्तान व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर की कप्तानी में जीता था। गौरतलब है कि एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी, और भारत ने पहले सीजन को गावस्कर की कप्तानी में अपने नाम किया। पहले सीजन में सिर्फ तीन टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें भारत के अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल थी।
2. दिलीप वेंगसकर
भारत को दूसरी बार पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप वेंगसकर की कप्तानी में एशिया कप जीतने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। भारत ने 1988 सीजन के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की थी। फाइनल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने 76 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
3. मोहम्मद अजहरुद्दीन
भारतीय क्रिकेट टीम को तीसरी बार एशियाई चैंपियन मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बनाया था। अजहर की कप्तानी में भारत ने 1991 और 1995 एशिया कप को अपने नाम किया था। इसके बाद अजहर पहले ऐसे भारतीय कप्तान बन गए थे, जिनकी कप्तानी में भारत ने दो बार एशिया कप को अपने नाम किया। हालांकि, बाद में एमएस धोनी ने अजहर की बराबरी की।
4. एमएस धोनी
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी भी उन भारतीय कप्तानों में शुमार हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप को अपने नाम किया है। भारत ने साल 2010 सीजन के एशिया कप को करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद जीता। तो इसके बाद साल 2016 का एशिया कप भी भारत ने धोनी की कप्तानी में अपने नाम किया था।
5. रोहित शर्मा
अनुभवी भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा की कप्तानी में भी भारत ने दो बार एशिया कप को अपने नाम किया है। रोहित की कप्तानी में भारत ने 2018 एशिया कप के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल की थी, तो इसके बाद 2023 के एशिया कप फाइनल में श्रीलंका को हराकर, रोहित ने दूसरी बार एशिया कप खिताब अपने नाम किया था।