'सिर्फ आउट होने के लिए खेल रहे थे'- इंदौर टेस्ट हारने के बाद बल्लेबाजों पर फूटा सुनील गावस्कर का गुस्सा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘सिर्फ आउट होने के लिए खेल रहे थे’- इंदौर टेस्ट हारने के बाद बल्लेबाजों पर फूटा सुनील गावस्कर का गुस्सा

चेतेश्वर पुजारा को छोड़ सभी बल्लेबाज इंदौर टेस्ट में रहे थे फ्लॉप।

Sunil Gavaskar (Photo Source: Getty Images)
Sunil Gavaskar (Photo Source: Getty Images)

इंदौर टेस्ट में मिली टीम इंडिया को करारी हार के बाद लगातार भारतीय खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों का परफॉर्मेंस जिस तरह का रहा उससे पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर काफी नाखुश हैं। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों के खेलने के तरीके को लेकर सवाल उठाए और आलोचना करते हुए कहा कि, भारतीय बल्लेबाजों ने बस आउट होने का प्लान बनाया था।

सिर्फ आउट होने के लिए खेल रहे थे भारतीय बल्लेबाज- सुनील गावस्कर

दरअसल सुनील गावस्कर ने इंदौर टेस्ट में मिली टीम इंडिया के हार के लिए भारतीय बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया है। स्पोर्ट्स तक पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, टॉस जीतने के बाद अगर आप 109 पर ही सिमट जाते हैं तो फिर अटैक करने के लिए आपके गेंदबाजों के पास ज्यादा रन नहीं बचता है। ऐसे में आप हमेशा दबाव में रहेंगे। अगर टीम ने 180 का स्कोर बनाया होता तो फिर स्थिति कुछ अलग हो सकती थी।

उन्होंने आगे कहा कि, दूसरी पारी में भी भारतीय टीम इस सोच के साथ बैटिंग कर रही थी कि हमें तो इस पिच पर आउट होना है। इसलिए कुछ शॉट खेलकर रन बनाया जाएं। उन्हें चेतेश्वर पुजारा, ट्रैविस हेड और मार्नस लाबुशेन से सीखने की जरूरत थी। उन्होंने दिखाया कि अगर आप सीधे बल्ले से खेलते हैं तो भले ही आप बीट हो जाएं लेकिन रन बना सकते हैं।

तीसरे टेस्ट में फ्लॉप रही थी टीम इंडिया की बल्लेबाजी

दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 109 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 197 रन बनाते हुए 88 रनों की बढ़त हासिल की थी। वहीं भारत की दूसरी पारी महज 163 रन पर सिमट गई थी।

इसके बाद टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रनों का लक्ष्य रखा था। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य को एक विकेट गंवाकर बेहद आसानी से हासिल कर लिया।

close whatsapp