हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है और अपनी टीम को जीत दिलाई: आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है और अपनी टीम को जीत दिलाई: आकाश चोपड़ा

जब भी टीम को जरूरत पड़ी हार्दिक पांड्या ने टीम को मुश्किलों से बाहर निकाला और जीत दिलाई: आकाश चोपड़ा

Aakash Chopra
Aakash Chopra. (Photo Source: Facebook)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) में राजस्थान रॉयल्स (RR) को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से हराया था। गुजरात टाइटंस टीम का नेतृत्व भारतीय टीम के ताबड़तोड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या कर रहे थे। उनकी कप्तानी में टीम ने ना ही सिर्फ अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया बल्कि अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।

टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद आकाश चोपड़ा ने इस सीजन की अपनी IPL 2022 की टीम चुनी है। इस टीम का नेतृत्व हार्दिक पांड्या कर रहे हैं। आकाश चोपड़ा का मानना है कि हार्दिक पांड्या ने इस सीजन में काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है और सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया है।

हार्दिक पांड्या ने कमाल की कप्तानी की है: आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन को लेकर कहा कि, हार्दिक पांड्या ने अभी तक IPL में 5 फाइनल खेले हैं और सभी जीते हैं। उन्होंने चार कप खिलाड़ी के तौर पर और एक ट्रॉफी कप्तान के तौर पर जीती है। उन्होंने इस सीजन में कमाल की कप्तानी की है।

नंबर चार पर आकर उन्होंने टीम के लिए अहम योगदान दिया है। जब भी टीम को जरूरत पड़ी उन्होंने टीम को मुश्किलों से बाहर निकाला और जीत दिलाई। गेंदबाजी में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आप एक कप्तान से यही चाहते है कि वो अपनी टीम का साथ ना छोड़े और टीम को एक साथ लेकर आगे बढ़े और हार्दिक पांड्या ने इस सीजन ऐसा ही किया है।

फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से दूसरी टीम को बैकफुट पर ले गए और फिर बल्लेबाजी से टीम को मुश्किल परिस्थितियों से उबारा। हार्दिक पांड्या ने इस सीजन में 15 मुकाबलों में 487 रन बनाए और 8 विकेट अपने नाम किए।

उन्होंने फाइनल मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी गेंदबाजी की वजह से राजस्थान 20 ओवर में मात्र 130 रन ही बना पाई। हार्दिक पांड्या के अलावा आकाश चोपड़ा ने पर्पल कैप विजेता युजवेंद्र चहल, ऑरेंज कैप विजेता जॉस बटलर और गुजरात टाइटंस के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेविड मिलर को अपनी प्लेइंग XI में शामिल किया है।

आकाश चोपड़ा की IPL 2022 की टीम कुछ इस प्रकार है:

जॉस बटलर (विकेटकीपर), केएल राहुल, राहुल त्रिपाठी, हार्दिक पांड्या (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मिलर, आंद्रे रसल, युजवेंद्र चहल, आवेश खान, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।

close whatsapp