IPL 2022: दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के आईपीएल को प्राथमिकता देने पर डीन एल्गर ने दी प्रतिक्रिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के आईपीएल को प्राथमिकता देने पर डीन एल्गर ने दी प्रतिक्रिया

डीन एल्गर ने कहा दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी अपने भविष्य को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते थे।

Dean Elgar
Dean Elgar of the Proteas celebrates his 100 runs. (Photo by Lee Warren/Gallo Images/Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कप्तान डीन एल्गर ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज छोड़कर भारत में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में हिस्सा लेने जाने वाले अपने साथियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आपको बता दें, इस महीने की शुरुआत में डीन एल्गर ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से आईपीएल (IPL) 2022 के बजाय बांग्लादेश टेस्ट सीरीज को चुन राष्ट्रीय टीम के लिए अपनी वफादारी साबित करने के लिए कहा था। जिसने खिलाड़ियों को घर्मसंकट में फंसा दिया था, लेकिन अब कप्तान के शब्द बदले-बदले लग रहे है।

हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज में खेलने के बजाय आईपीएल (IPL) 2022 को तरजीह दी है। जिस पर टेस्ट कप्तान डीन एल्गर ने कहा वह अपने साथियों के इस फैसले से सहज महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उनका दोनों में से किसी एक को चुनने के लिए कहना खिलाड़ियों को मुश्किल दुविधा में डाल दिया था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों का बांग्लादेश टेस्ट सीरीज को छोड़कर भारत में आईपीएल (IPL) 2022 में खेलने के अपने साथियों के निर्णय में उनका समर्थन किया है।

खिलाड़ियों का आईपीएल में जाने से डीन एल्गर को कोई दुःख नहीं

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) द्वारा आयोजित एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीन एल्गर ने बांग्लादेश के खिलाफ 31 मार्च से खेले जाने वाले पहले टेस्ट से पहले कहा: “मैं उन खिलाड़ियों के साथ काफी सहज हूं, जो यहां नहीं हैं। मैंने उनके साथ कुछ विस्तृत बातचीत की है यह पता लगाने के लिए कि टेस्ट सीरीज खेलने के नजरिए से आईपीएल में खेलने तक मानसिक रूप से वे कहां हैं। उन्होंने मुझे जो जवाब दिए, मैं उनसे बहुत सहज हूं।”

कप्तान ने आगे कहा: “मुझे पता है कि खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धता पर निर्णय लेने के संबंध में एक मुश्किल स्थिति में डाल दिया गया था। उन्हें ऐसी परिस्थितियों से निपटना पड़ा था, जिसमें उन्होंने जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया होता अगर यह उनके लिए बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता। मुझे लगता है कि उन्हें अपरिहार्य स्थिति में डाल दिया गया था । काफी खिलाड़ियों को पहले कभी आईपीएल (IPL) का अनुभव नहीं था। मुझे नहीं लगता कि वे इस प्रतियोगिता में अपने भविष्य को लेकर नुकसान पहुंचाना चाहते थे।”

close whatsapp