दिल्ली कैपिटल्स की टीम के कई सदस्य हुए कोरोना पॉजिटिव, पुणे से मुंबई शिफ्ट हुआ अगला मैच
दिल्ली के कैंप में पांच कोविड-19 मामलों के सामने आने के मद्देनजर यह फैसला लिया जा रहा है।
अद्यतन - Apr 19, 2022 3:12 pm

20 अप्रैल को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जाने वाले आईपीएल 2022 के 32वें मैच को पुणे के एमसीए स्टेडियम से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया है। दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर मिचेल मार्श, फिजियो पैट्रिक फरहार्ट सहित कुछ सहायक स्टाफ हाल ही में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
इसी वजह से दिल्ली की टीम को पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मैच के लिए पुणे की अपनी यात्रा को रद्द करना पड़ा क्योंकि पूरे स्क्वॉड को नियमित कोविड -19 टेस्ट के लिए क्वारंटाइन में रखा गया था। बीसीसीआई भी नहीं चाहती है कि खिलाड़ी पुणे की यात्रा करें, ताकि और ज्यादा बायो-बबल न टूटे। उधर, दिल्ली कैपिटल्स की टीम के सभी सदस्यों का मंगलवार (19 अप्रैल) के सुबह नए सिरे से कोविड-19 टेस्ट हुआ है, जिसके परिणाम अभी आने बाकी हैंं।
टीम के कई सदस्य पाए गए कोरोना पॉजिटव
दिल्ली के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले पहले सदस्य थे, 15 अप्रैल को उनका कोविड टेस्ट पॉजिटव आया था। केवल एक दिन बाद, मालिश चिकित्सक चेतन कुमार पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद मार्श, टीम के डॉक्टर अभिजीत साल्वी और फ्रेंचाइजी के कुछ और सदस्य वायरस से संक्रमित पाए गए।
हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा था कि, “दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने कोविड -19 के लिए सकारात्मक परीक्षण किया है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली कैपिटल्स मेडिकल टीम मार्श की स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही है।
OFFICIAL STATEMENT:
Delhi Capitals all-rounder Mitchell Marsh has tested positive for COVID-19, following which he has been admitted to a hospital. The Delhi Capitals medical team is closely monitoring Marsh’s condition. pic.twitter.com/lvatopJtcV
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) April 18, 2022
मुश्किल में फंस सकती है बीसीसीआई
कोरोना महामारी के चलते आईपीएल 2021 काफी प्रभावित हुआ था, तब 4 मई 2021 को आईपीएल को बीच में ही स्थगित करना पड़ा था। यह घोषणा सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर अमित मिश्रा के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद की गई थी। उस दौरान लीग के स्थगित होने के समय तक कुल 29 लीग मैचों का आयोजन हुआ। और इस साल भी अब तक कुल 30 मैच खेले जा चुके हैं।