अजय जडेजा ऋषभ पंत को विराट और रोहित से अच्छा कप्तान मानते हैं? - क्रिकट्रैकर हिंदी

अजय जडेजा ऋषभ पंत को विराट और रोहित से अच्छा कप्तान मानते हैं?

पंत की कप्तानी काफी सराहनीय रही है, उन्होंने सीनियर खिलाड़ी का रोल अदा किया है- अजय जडेजा

Rishabh Pant and Ajay Jadeja
Rishabh Pant and Ajay Jadeja. (Photo Source: Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम का नेतृत्व कर रहे ऋषभ पंत की कप्तानी को लेकर पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने बड़ा बयान दिया है। उनकी माने तो पंत ने इस बार अपनी कप्तानी से कई लोगों का दिल जीता है। उन्होंने कहा कि, जिस हिसाब से ऋषभ पंत आईपीएल 2022 में कप्तानी कर रहे हैं उसे देखकर यह नहीं लग रहा कि वो एक युवा कप्तान हैं। युवा होने के बाद भी वो टीम में एक दिग्गज खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं।

बता दें कि, आईपीएल में 11 मई को हुए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से मात देकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। राजस्थान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 160 रन बनाए। राजस्थान की ओर से रविचंद्र अश्विन ने 38 गेंदो में 50 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 30 गेंदो में 48 रन बनाए।

जवाब में दिल्ली ने 161 का स्कोर मात्र 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। दिल्ली की ओर से मिचल मार्श ने 62 गेंदो में 89 रन और डेविड वॉर्नर ने 41 गेंदो में नाबाद 52 रनों की पारी खेली। आखिरी में बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत 4 गेंदो में 2 छक्कों की मदद से 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।

ऋषभ पंत के फैसले काफी सटीक रहे: अजय जडेजा

मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने क्रिकबज के हवाले से कहा कि, “पंत की कप्तानी काफी सराहनीय रही है। उन्होंने सीनियर खिलाड़ी का रोल अदा किया है। उनके फैसले काफी सटीक रहे हैं और वो खुद ही काफी आक्रमक खिलाड़ी हैं। टीम में हमेशा एक यूथ फैक्टर होना चाहिए। ऋषभ पंत इतनी बेहतरीन कप्तानी करेंगे इसका किसी को भरोसा नहीं था। मैं उनके इस प्रदर्शन से काफी खुश हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि, ऐसा कई बार देखा गया है कि कप्तान को कोच राय देते हैं लेकिन पंत को देखकर ऐसा नहीं लग रहा है। उनको देखकर लग रहा है कि, वो अपने फैसले खुद ही ले रहे हैं। शायद यही वजह है कि श्रेयस अय्यर की जगह रिकी पोंटिंग ने पंत को सपोर्ट किया है। उन्होंने दोनों ही खिलाड़ियों को देखा और उसके बाद ही पंत का चयन किया।

बता दें कि, अगर दिल्ली कैपिटल्स को यहां से प्लेऑफ में जगह बनाना है तो उन्हें अभी भी अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे। उनका अगला मुकाबला 16 मई को मुंबई के डॉ डी.वाई.पाटिल स्पोर्ट्स स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ होगा।

close whatsapp