IPL 2022 के मेगा ऑक्शन को लेकर 2 नई फ्रेंचाइजी अपने 3 खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए कितने पैसे खर्च कर सकती हैं?
2 नई IPL फ्रेंचाइजियों को 25 दिसंबर तक अपनी टीम में शामिल किए गए 3 खिलाड़ियों के नामों का ऐलान करना है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Dec 1, 2021 1:24 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन को लेकर मौजूदा सभी 8 फ्रेंचाइजियों ने अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया है। जिसके बाद रिलीज हुए खिलाड़ी अब मेगा ऑक्शन का हिस्सा बनेंगे। 8 टीमों की तरफ से जिन खिलाड़ियों को रिलीज किए जाने का फैसला लिया गया है उसमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं।
अगले IPL सीजन में 2 नई फ्रेंचाइजी शामिल होंगी जिसमें लखनऊ और अहमदाबाद शामिल है। इन दोनों ही फ्रेंचाइजियों को ऑक्शन से पहले अधिकतम 3 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने का विकल्प दिया गया है। जिसके बाद अब रिलीज किए गए सभी खिलाड़ियों के पास इन 2 फ्रेंचाइजियों के पास जाने का एक शानदार मौका है।
लेकिन 3 से अधिक खिलाड़ी वह अपनी टीम में ऑक्शन से पहले शामिल नहीं कर सकती हैं, जिसमें अधिकचम 2 भारतीय और 1 विदेशी खिलाड़ी ही शामिल किया जा सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जहां 8 फ्रेंचाइजियों के रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के लिए पहले से ही कीमत को तय कर दिया था।
वहीं ऐसा ही कुछ उन्होंने 2 नई IPL फ्रेंचाइजियों के साथ किया है। जिसमें वह अपनी टीम में यदि 3 खिलाड़ियों को शामिल करती हैं, तो पहले खिलाड़ी को 15 करोड़ रुपए, दूसरे खिलाड़ी को 11 करोड़ रुपए जबकि तीसरे खिलाड़ी को अधिकतम 7 करोड़ रुपए दे सकती है।
इसी को लेकर 2 नई फ्रेंचाइजियों में से एक के सीईओ ने कहा कि, यदि कोई खिलाड़ी नई फ्रेंचाइजी के साथ मोलभाव करता है तो आवंटित राशि के अनुसार ही फैसला लिया जाएगा। वहीं यदि कोई खिलाड़ी कप्तान बनने जा रहा है तो वह 15 करोड़ रुपए में ही टीम के साथ जुड़ेगा।
क्या लखनऊ फ्रेंचाइजी के कप्तान बनने जा रहे हैं, लोकेश राहुल
पिछले काफी समय से यह खबर लगातार देखने को मिल रही थी, लोकेश राहुल अगले IPL सीजन में लखनऊ फ्रेंचाइजी के कप्तान बन सकते हैं। इस बात उस समय और अधिक मजबूती मिली जब पंजाब किंग्स ने अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों में उन्हें नहीं शामिल किया। वहीं अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रहने वाले राशिद खान भी आगामी IPL सीजन में किसी नई टीम के साथ खेलते हुए दिख सकते हैं।
2 नई फ्रेंचाइजियों को अपनी टीम में शामिल किए जाने वाले 3 खिलाड़ियों के नामों का ऐलान 25 दिसंबर तक करना है, जिसके बाद अगले सीजन को लेकर मेगा ऑक्शन का आयोजन किया जाएगा, जो जनवरी 2022 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।