रोहित शर्मा पर लग सकता है बैन, पंजाब के खिलाफ मैच में हुई उनसे बड़ी गलती
पांच बार खिताब अपने नाम कर चुकी मुंबई इंडियंस इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है।
अद्यतन - Apr 14, 2022 10:47 am

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर बुधवार (13 अप्रैल) को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान स्लो ओवर रेट के कारण 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में रोहित का यह दूसरा है जब रोहित पर स्लो ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगा है, और अगर मुंबई इंडियंस इस सीजन में तीसरी बार यह गलती दोहराती है तो जुर्माने के साथ-साथ कप्तान रोहित शर्मा पर एक मैच का बैन भी लग सकता है।
कप्तान रोहित के साथ, टीम के बाकी खिलाड़ियों पर 6 लाख या 25 प्रतिशत मैच फीस जो कम हो उसका जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल की आधिकारिक साइट द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज में इसकी पुष्टि की गई। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन को एक बार स्लो ओवर रेट के लिए दोषी पाया गया है।
आईपीएल द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि, “न्यूनतम ओवर रेट के अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह टीम का सीजन का दूसरा अपराध था। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो, जुर्माना लगाया गया है।”
इस सीजन लगातार पांच मैच हार चुकी है मुंबई इंडियंस
बता दें कि, 27 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ सीजन के पहले मैच में स्लो ओवर रेट के लिए MI के कप्तान रोहित पर पहले 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। रोहित शर्मा के पास अब गलती करने का मौका नहीं है। मुंबई इंडियंस को इस सीजन अभी 9 और मुकाबले खेलने हैं, हर मैच में उन्हें खेल-खेल के साथ घड़ी पर भी ध्यान देना होगा।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 का सफर अभी तक निराशाजनक रहा है। इस सीजन 5 मैच खेल चुकी एमआई अभी भी पहली जीत के लिए तरस रही है। उन्होंने पीबीकेएस के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में वह 12 रन से मैच हार गए।