‘ऋषभ पंत ने कॉमन सेंस का इस्तेमाल नहीं किया’- दिल्ली की हार पर बोले रवि शास्त्री
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से दी मात।
अद्यतन - मई 22, 2022 12:38 अपराह्न

आईपीएल 2022 के 69वें लीग मैच में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम आमने-सामने थी, जहां दिल्ली को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार से जहां दिल्ली का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया, वहीं दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम टॉप चार में जगह बनाने में कामयाब रही। इस मैच में दिल्ली के कप्तान पंत से काफी गलतियां हुई।
इसमें से सबसे बड़ी गलती थी टिम डेविड के खिलाफ रिव्यू नहीं लेना। हुआ कुछ यूं था कि 15वें ओवर में शार्दुल ठाकुर की एक गेंद टिम डेविड के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए ऋषभ पंत के हाथों में समा गई। कैच आउट की अपील हुई लेकिन अंपायर ने नॉट आउट दिया। दिल्ली के पास रिव्यू बचा था लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने इसका उपयोग नहीं किया। बाद में रिप्ले में पता चला कि टिम डेविड आउट थे।
दिल्ली की हार पर रवि शास्त्री ने दिया बड़ा बयान
इस बीच इस मैच के बाद टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान शास्त्री ने कहा कि, कॉमन सेन्स क्या मांग करता है? ठीक है, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर हैं, लेकिन बाकी लोग वहां क्या कर रहे हैं?
कॉमन सेंस ये कहता है कि, पांच ओवर बचे हैं, दो रिव्यू आपके पास हैं। टिम डेविड अभी क्रीज पर आए हैं, आपने एक विकेट लिया है, और आपके पास जल्दी से दो विकेट लेने का एक शानदार मौका है। और अभी भी पांच ओवर बाकी हैं। और आप इस मैच में आगे हैं तो आपको ये रिव्यू लेना चाहिए था।
पंत ने छोड़ा था डेवाल्ड ब्रेविस का कैच
सिर्फ इतना ही नहीं मैच में ऋषभ पंत से एक और बड़ी गलती हुई थी। मुंबई को जब शुरुआती झटके लगने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस अच्छे लय में नजर आ रहे थे। इसी बीच कुलदीप यादव की गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने एक शॉट खेला, जो काफी ऊंची गई। ऋषभ पंत इस कैच को पकड़ने के लिए गए, बॉल उनके हाथ में आई लेकिन कैच ड्रॉप हो गया। इन दो बड़ी गलतियों ने ही मैच का रुख पूरी तरह से पलट दिया।