IPL 2022: आईपीएल ने बिगाड़ा कोहली का गणित? रवि शास्त्री ने सुझाई पूर्व कप्तान को ब्रेक लेने की तरकीब
क्या विराट कोहली को फॉर्म में लौटने के लिए आईपीएल को अलविदा कहना होगा?
अद्यतन - अप्रैल 27, 2022 12:13 अपराह्न

विराट कोहली का बल्ले के साथ लगातार गिरता हुआ फॉर्म केवल फैंस ही नहीं बल्कि क्रिकेट दिग्गजों के लिए भी चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले साल उन्होंने भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम की कप्तानी के साथ-साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी भी त्याग दी थी, जिसके बाद भी वह ज्यादा स्कोर नहीं कर पाए थे।
इस साल की शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाज के कंधो से वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारियां भी हट गई थी, जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि वह जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में बिना किसी कप्तानी के बोझ के ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करेंगे। लेकिन चीजें सोच के बिलकुल विपरीत जा रही हैं।
विराट कोहली महज दो बार ही 40+ स्कोर बना पाए हैं, वहीं दो बार शून्य पर आउट हुए हैं, जबकि अब तक उनके खाते में 9 मैचों में 128 रन ही हैं। जिसके बाद कई दिग्गजों ने विराट कोहली को क्रिकेट से ब्रेक लेने की सलाह दी है, ताकि वह रिफ्रेश होकर दमदार वापसी कर सकें। इस लिस्ट में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री भी शामिल हैं।
रवि शास्त्री ने सुझाई विराट कोहली को ब्रेक लेने की तरकीब
हालांकि, इस बार पूर्व कप्तान और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने बताया हैं कि विराट कोहली को कब और कैसे ब्रेक लेना चाहिए, क्योंकि यहीं एकमात्र उनके संघर्ष का उपचार हो सकता है। उन्होंने कहा अगर विराट कोहली अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो पूर्व कप्तान को ब्रेक लेना ही होगा और ये तभी संभव हैं, जब वह आईपीएल (IPL) के दौरान आराम करे, चाहे फिर आधे ही मैच क्यों न खेले।
रवि शास्त्री ने जतिन सप्रू के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा: “मुझे लगता है कि विराट के लिए ब्रेक लेना ही सही होगा, क्योंकि उन्होंने नॉन-स्टॉप क्रिकेट खेला है, और साथ ही सभी प्रारूपों में भारत की कप्तानी की है। उसके लिए ब्रेक लेना एकदम सही फैसला होगा और बुद्धिमानी होगी। कभी-कभी ऐसा भी समय आता है जब आपको संतुलन बनाना पड़ता है, अपने लिए सीमा रेखा खींचनी पड़ती है।”
विराट कोहली को आईपीएल छोड़ना होगा: रवि शास्त्री
उन्होंने आगे कहा, “भारत सिर्फ साल में आईपीएल के समय ही अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलता है। ऐसे में अगर उन्हें अपना अंतरराष्ट्रीय और 6-7 साल के लिए करियर बढ़ाना है, और वह अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं, तो विराट को बिना किसी की परवाह किए आईपीएल से बाहर हो जाना चाहिए। विराट चाहें तो फ्रेंचाइजी से बात कर सकते हैं कि मैं आधा सीजन खेलूंगा, भले ही मुझे आधी सैलरी दो। मुझे लगता है कि विराट अभी भी यंग है, और अभी भी उनका सर्वश्रेष्ठ आना बाकी है। मुझे पूरा विश्वास हैं कि वह जल्द ही फॉर्म में वापसी करेगा।”
पूर्व कोच ने अंत में कहा, “अगर आपने 14-15 साल क्रिकेट खेल लिया हैं, तो केवल विराट कोहली ही नहीं, किसी भी खिलाड़ी को अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए एक रेखा खींचनी ही होगी, जहां आप उस ब्रेक को लेना चाहते हैं। आदर्श ब्रेक ऑफ सीजन होगा, जहां भारत मैच नहीं खेलता है, और भारत केवल आईपीएल में मैच नहीं खेलता है। कभी-कभी, आपको ऐसा करने की जरूरत होती है। यदि आप एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में अपने पेशे के चरम पर पहुंचना चाहते हैं, तो आपको उन कठिन फैसलों पर अमल करने की जरूरत है।”