‘मुझे 99 रन पर आउट होने का अधिक गम नहीं’ शतक से चूकने के बाद जानिए रुतुराज गायकवाड़ ने क्यों कही यह बात
ऋतुराज ने 57 गेंदो में 6 चौकें और 6 छक्कों की मदद से 99 रन बनाए।
अद्यतन - May 2, 2022 2:27 pm

1 मई को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन के 46वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 13 रनों से मात दी। जीत के हीरो रहे CSK के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ जिनकी बेहतरीन पारी से चेन्नई ने यह मुकाबला बड़ी आसानी से जीत लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK टीम की ओपनिंग जोड़ी ने हैदराबाद के गेंदबाजों को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवॉन कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 182 रन की साझेदारी की। ऋतुराज ने 99 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली लेकिन वो 1 रन से अपना शतक बनाने से चूक गए। ऋतुराज ने 57 गेंदो में 6 चौकें और 6 छक्कों की मदद से 99 रन बनाए। उनका विकेट टी नटराजन ने लिया।
ऋतुराज मात्र 1 रन से अपना शतक से चूक गए। इस बात का उनको मलाल रहा लेकिन मुकाबला जीतना उनके लिए उससे ज्यादा बड़ी बात थी। ऋतुराज ने कहा कि, मुझे काफी बुरा लगा कि मैं अपना शतक नहीं मार पाया लेकिन इस बात की खुशी है कि हम यह मुकाबला जीत गए। उनको इस बात की खुशी भी थी कि उन्होंने अपने फैंस और अपने घरवालों के सामने अच्छा प्रदर्शन दिखाया और अपनी टीम को जिताया।
जब मैं 99 पर आउट हुआ तो मुझे बुरा लगा: ऋतुराज गायकवाड
ऋतुराज गायकवाड़ ने मुकाबले के बाद तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी से एक इंटरव्यू में कहा कि, अपने शतक से मात्र 1 रन से चूकने के बाद मुझे बुरा लगा लेकिन इस बात की खुशी है कि मैंने डेवॉन कॉन्वे के ऊपर से शुरुआती प्रेशर हटा दिया और उन्होंने भी काफी अच्छा खेल दिखाया। चाहे 99 हो या 100 रन जीत ज्यादा जरूरी है।
होम ग्राउंड में बड़ा स्कोर बनाना हमेशा अच्छा लगता है लेकिन मुझे इस बात की ज्यादा खुशी है कि मैंने टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोस्तों, परिवार के सामने प्रदर्शन करने में मुझे जरा भी मुश्किल नहीं हुई। उनके सामने अच्छा प्रदर्शन करने के बारे मैं बहुत दिनों से सोच रहा था। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।
ऋतुराज गायकवाड़ के साथ डेवॉन कॉन्वे ने भी अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कॉन्वे की तारीफ करते हुए कहा कि, मुझे उनके साथ बल्लेबाजी करने में मजा आया। कॉन्वे अपना दूसरा आईपीएल मुकाबला खेल रहे हैं और उन्होंने इस मुकाबले में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। हम दोनो ने अभी एक साथ ज्यादा नहीं खेला है लेकिन हमारी बीच में बातचीत बहुत हुई है। वह एक बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। हम लोग एक दूसरे का खेल समझ चुके हैं और उम्मीद है कि आगे आने वाले मुकाबलों में वह इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।