IPL 2022: उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 में तोड़े स्पीड गन के सारे कांटे - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 में तोड़े स्पीड गन के सारे कांटे

उमरान मलिक ने जारी आईपीएल (IPL 2022) में अब तक 9 मैचों में 15 विकेट चटका चुके हैं।

Umran Malik (Photo Source: IPL/BCCI)
Umran Malik (Photo Source: IPL/BCCI)

भारतीय क्रिकेट को उमरान मलिक के रूप में एक बेशकीमती नगीना मिला है, जिसकी रौशनी में भारतीय गेंदबाजी का भविष्‍य उज्‍ज्‍वल नजर आ रहा है। उमरान मलिक जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में 150 से लेकर 153 किलोमीटर प्रतिघंटा रफ्तार वाली गेंदे लगातार डाल रहे हैं, और कई बार तो उनकी तूफानी गेंद स्‍टंप्‍स बिखेर रही हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ दूसरा सीजन खेल रहे उमरान मलिक जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपनी रफ्तार से अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों के होश उड़ाए हुए हैं, और साथ ही अपनी तूफानी गेंदबाजी से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। 1 मई को इस युवा गेंदबाज ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।

उमरान मलिक ने फेंकी इस सीजन की सबसे तेज गेंद

आईपीएल 2022 (IPL 2022) के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 13 रनों से मात दे दी हो, लेकिन एक बार फिर उमरान मलिक ने अपनी तेजतर्रार  गेंदबाजी  से महफिल  लूट  ली है। पुणे के एमसीए क्रिकेट स्टेडियम में उमरान मलिक ने खुद का रिकॉर्ड तोड़ते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 154 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी, जो इस सीजन की सबसे तेज डिलीवरी थी।  इस तरह उन्होंने आईपीएल 2022 (IPL 2022) की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

हालांकि, इस गेंद के साथ ऋतुराज गायकवाड़ ने खिलवाड़ किया। ये 10वें ओवर की तीसरी गेंद थी, जो शॉर्ट गेंद थी, जिस पर ऋतुराज गायकवाड़ ने पुल शॉट लगाने की कोशिश और यह तूफानी गेंद बल्ले का टॉप एज लेकर विकेटकीपर के सिर के ऊपर से चौके के लिए निकल ली, और इसी के साथ उनका अर्धशतक भी पूरा हो गया।

उमरान मलिक ने लॉकी फर्ग्यूसन को पछाड़कर जीता 9 बार ये अवार्ड

आपको बता दें, इससे पहले आईपीएल 2022 (IPL 2022) की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड और गुजरात टाइटन्स (GT) के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन के नाम था। उन्होंने इस सीजन में 153.9 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकना का कमाल किया था और दिलचस्प बात ये हैं कि उन्होंने भी एक कारनामा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ ही किया था।

मैच के बाद उमरान मलिक को इस मुकाबले में सबसे तेज गेंद फेंकने के खिताब के साथ 1 लाख रूपये के इनाम से भी नवाजा गया। वह लगातार 9 बार इस सीजन में यह अवार्ड जीत चुके हैं। जम्मू और कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज ने पांच विकेट हॉल के साथ जारी आईपीएल (IPL 2022) में अब तक 9 मैचों में 15 विकेट चटका चुके हैं, और इस समय पर्पल कैप की रेस में तीसरे नंबर पर हैं।

 

close whatsapp