IPL 2023: RCB फैंस के लिए बुरी खबर, रजत पाटीदार पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर
RCB टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 4, 2023 4:29 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत हो चुकी है। इस बेहतरीन टूर्नामेंट के शुरुआत में ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को तगड़ा झटका लगा है। टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
इस बात की जानकारी खुद फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में दी। उन्होंने रजत पाटीदार की तस्वीर अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में साझा की और इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा कि, ‘दुर्भाग्य से रजत पाटीदार हील की चोट के कारण #IPL2023 से बाहर हो गए हैं। हम यही दुआ करते हैं कि वो जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाए और हम उनका इस पूरी चीज में सपोर्ट करते रहेंगे।
कोच और मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया है कि रजत पाटीदार के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की घोषणा अभी नहीं की जाएगी।’
Unfortunately, Rajat Patidar has been ruled out of #IPL2023 due to an Achilles Heel injury. 💔
We wish Rajat a speedy recovery and will continue to support him during the process. 💪
The coaches and management have decided not to name a replacement player for Rajat just yet. 🗒️ pic.twitter.com/c76d2u70SY
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) April 4, 2023
खुद RCB को भी तगड़ा झटका लगा है। टीम ने भले ही अपने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत बेहतरीन तरीके से की हो लेकिन रजत पाटीदार की कमी उनको जरूर खलेगी। बता दें, रजत पाटीदार का पिछला सत्र काफी अच्छा गया था। उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 112 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली थी।
RCB ने अपने IPL 2023 सीजन की शुरुआत काफी धमाकेदार तरीके से की
IPL 2023 के अपने पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा ने 46 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 84 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। RCB की ओर से कर्ण शर्मा ने 4 ओवर में 32 रन देकर दो विकेट झटके।
जवाब में RCB ने इस मुकाबले को 2 विकेट खोकर 16.2 ओवर में ही जीत लिया। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 49 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेली जबकि कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 43 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए।