IPL 2023: दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल को दी बड़ी जिम्मेदारी, पंत की जगह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संभालेंगे टीम की कमान - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल को दी बड़ी जिम्मेदारी, पंत की जगह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संभालेंगे टीम की कमान

आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2023 संस्करण में ऑस्ट्रेलिया टीम के धुआंधार सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभालेंगे।

David Warner and Rishabh Pant (Pic Source-Twitter)
David Warner and Rishabh Pant (Pic Source-Twitter)

आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2023 संस्करण में ऑस्ट्रेलिया टीम के धुआंधार सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभालेंगे। बता दें, बेहतरीन विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की अनुपलब्धता में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

दिसंबर 2022 में ऋषभ पंत एक कार हादसे का शिकार हो गए थे जिसकी वजह से उन्हें काफी चोट आई। फिलहाल पंत पहले से काफी बेहतर है लेकिन उनकी चोट को पूरी तरह से ठीक होने में अभी समय लगेगा और इसी वजह से वो IPL 2023 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

जहां एक तरफ डेविड वॉर्नर को दिल्ली फ्रेंचाइजी की कप्तानी सौंपी गई है वहीं अक्षर पटेल टीम की उपकप्तानी करते हुए नजर आएंगे। बता दें, अक्षर पटेल इस समय तीनों ही प्रारूप में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी वजह से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। इस समय खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में भी उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी पटेल मुकाबले का रुख मोड़ सकते हैं।

IPL में पहले भी कप्तानी कर चुके हैं डेविड वॉर्नर

बता दें, डेविड वॉर्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 सत्र में अपना पहला IPL खिताब जीता था। उनके पास कप्तानी का काफी अनुभव है और आगामी सत्र में वो दिल्ली कैपिटल्स को उनका पहला IPL खिताब जिताने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। हालांकि अभी तक फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

दिल्ली कैपिटल्स के स्वामित्व समूह के एक सदस्य ने क्रिकबज को बताया कि, ‘डेविड हमारे नए कप्तान होंगे और अक्षर पटेल को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।’

डेविड वॉर्नर के IPL आंकड़ों की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक 162 मैचों में 42.01 के औसत और 140.69 के स्ट्राइक रेट से 5881 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 126 रन है। वॉर्नर ने इस टूर्नामेंट में 55 अर्धशतक और 4 शतक जड़े हैं। टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग होंगे। चोटिल होने की वजह से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। हालांकि इस सीरीज के बाद होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में वो जबरदस्त वापसी करने को देखेंगे।

close whatsapp