आईपीएल 2023: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के किट बैग लूट ले गए चोर; फ्रैंचाइजी को दर्ज करानी पड़ी शिकायत
दिल्ली कैपिटल्स जारी आईपीएल 2023 में अपना खाता खोलने में अब तक कामयाब नहीं हुई है।
अद्यतन - अप्रैल 19, 2023 2:12 अपराह्न

दिल्ली कैपिटल्स (DC) जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में एकमात्र ऐसी टीम है, जो अब तक अपना खाता नहीं खोल पाई है। डेविड वार्नर की अगुवाई वाली दिल्ली टीम ने अब तक इस सीजन में खेले अपने सभी पांच मैचों में हार का सामना किया है।
ये कम था जो अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाड़ियों के किट बैग से कई क्रिकेट उपकरण गायब हो गए हैं, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खबरों के अनुसार, DC के खिलाड़ियों के बैट, पैड, जूते, थाई पैड और ग्लव्स बेंगलुरु से दिल्ली जाते समय चोरी हो गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 15 अप्रैल को बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ 23 रनों की हार झेलनी पड़ी थी, जहां से लौटते समय यह विवादित और हैरान कर देने वाली घटना घटी।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों की किट हुई चोरी
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाड़ी बैंगलोर से दिल्ली आने पर अपने किट बैग से उपकरण गायब देख कर हैरान रह गए। DC के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा: ‘जब खिलाड़ियों को पता चला कि सभी के किट बैग से कुछ न कुछ गायब है, तो वे सभी चौंक गए। इस तरह की घटना पहली बार हुई है और इस मामले की जल्द ही लोजिस्टिक्स विभाग, पुलिस और फिर हवाईअड्डे में शिकायत दर्ज कराई गई और अब इसकी जांच जारी है।’
इस बीच, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि चोरी किए गए उपकरणों में 16 बल्ले, पैड, जूते, थाई पैड और दस्ताने शामिल हैं, जिसमें DC के कप्तान डेविड वार्नर, स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्च, इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और यश ढुल के बल्ले हैं। चोरी हुए बल्लों की कीमत एक-एक लाख रुपये आंकी गई है। आपको बता दें, आईपीएल फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों द्वारा उपकरणों के गायब होने की जानकारी देने के बाद शिकायत दर्ज कराई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक लोजिस्टिक्स कंपनी को आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों के किट बैग और सामान की देखभाल करने, मैचों से पहले समय पर उनका परिवहन सुनिश्चित करने का काम सौंपा जाता है। सभी खिलाड़ी प्रत्येक मैच के बाद अपने किट बैग अपने कमरे के बाहर छोड़ देते हैं ताकि लोजिस्टिक्स कंपनी इन्हे संभाल सके और आगे की प्रोसेस पूरी कर सके। खिलाड़यों को उनके किट बैग अपने कमरों के बाहर मिलते हैं, जहां वे मैच के बाद छोड़ते हैं।
एयरपोर्ट डीसीपी देवेश कुमार महला ने कहा: ‘हमारे ड्यूटी अधिकारी ने उन्हें सभी डिटेल्स के साथ शिकायत लिखने के लिए कहा और उन्हें एक कागज दिया। उन्होंने कहा कि वे सभी डिटेल्स प्राप्त करेंगे और शिकायत दर्ज करेंगे। इस मामले की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’