आईपीएल 2023: क्या RCB के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) की अपमानजनक हार का मजाक उड़ा रहे हैं अनुज रावत? - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: क्या RCB के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) की अपमानजनक हार का मजाक उड़ा रहे हैं अनुज रावत?

RR का RCB के खिलाफ 59 का स्कोर आईपीएल के इतिहास में तीसरा सबसे छोटा स्कोर है।

Anuj Rawat. (Image Source: BCCI-IPL)
Anuj Rawat. (Image Source: BCCI-IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जारी 16वें संस्करण का 60वां मैच 14 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच खेला गया, जहां टूर्नामेंट के इतिहास का तीसरा सबसे खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला।

सवाई मानसिंह स्टेडियम में जीत के लिए 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स (RR) को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बल्ले से मजबूत शुरुआत की दरकार थी, लेकिन उनके विकेट ताश के पत्तों की तरह गिर गए, और मेजबान टीम 59 रनों पर ढेर हो गई। जिसके परिणामस्वरूप रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने राजस्थान के खिलाफ 112 रनों की विशाल जीत दर्ज की और अपना NRR पॉजिटिव करने के साथ-साथ आईपीएल 2023 की अंकतालिका में पांचवे स्थान पर पहुंच गई।

मुझे RR से ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी: अनुज रावत

आपको बता दें, RR का RCB के खिलाफ 59 का स्कोर आईपीएल के इतिहास में तीसरा सबसे छोटा स्कोर है, जबकि दूसरा सबसे खराब स्कोर इसी टीम द्वारा बैंगलोर के खिलाफ 58 है, जो केप टाउन में साल 2009 में बनाया गया था। खैर, आईपीएल के इतिहास में सबसे छोटा स्कोर करने का रिकॉर्ड अब भी RCB के नाम है, जो उन्होंने आईपीएल 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ईडन गार्डन में बनाया था।

इस बीच, RCB के विकेटकीपर-बल्लेबाज अनुज रावत ने कहा उन्हें RR से इस तरह के निराशाजनक प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी, लेकिन वह इस बात से खुश हैं कि उनकी टीम को दो अहम अंक मिले और उनका NRR (+0.166) पॉजिटिव हो गया। आपको बता दें, अनुज रावत ने इस RR vs RCB मैच में 11 गेंदों में नाबाद 29 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने तीन चौकें और दो छक्के लगाए।

इंडिया टुडे के अनुसार, अनुज रावत ने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “मैंने इस सीजन से पहले इसी तरह की हिटिंग की प्रैक्टिस की है, और मुझे इस मैच में कुछ प्रभाव डालने का भरोसा था और मैंने यही किया। राजस्थान सच में अच्छा खेल रहा है, और मुझे उम्मीद नहीं थी कि RR इस तरह का प्रदर्शन करेगा, मुझे उनके ऐसे पतन की उम्मीद नहीं थी। खैर, यह क्रिकेट का खेल है और कुछ भी हो सकता है। इस मैच से पहले हमारा NRR नेगेटिव था, और अब यह पॉजिटिव है, जो हमारे लिए बहुत अच्छा है।”

close whatsapp