आईपीएल 2023: डेब्यू सीजन में शतक लगाते ही बदले हैरी ब्रूक के तेवर; अपने ही परिवार को बताया अशुभ!
SRH का इस सीजन में अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 अप्रैल को हैदराबाद में है।
अद्यतन - Apr 15, 2023 5:46 pm

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक का नाम जब कोच्चि में आईपीएल 2023 की मिनी-नीलामी में सामने आया, तो बोली लगाने की जंग शुरू हो गई थी, और अंततः सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उन्हें 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
हालांकि, आईपीएल 2023 के लिए साइन किए जाने वाले सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक होने के बावजूद हैरी ब्रूक का बल्ला उनके डेब्यू सीजन में 14 अप्रैल से पहले तक शांत रहा, जिसके लिए उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी, क्योंकि उन्होंने अपने पहले तीन मैचों में केवल 29 रन बनाए थे।
परिवार वालो के भारत से जाते ही हैरी ब्रूक के बल्ले से निकला शतक
लेकिन हैरी ब्रूक ने अपने आलोचकों का मुंह बंद करने में ज्यादा देर नहीं लगाई और 14 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 19वें मैच में नाबाद शतक लगाया और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 23 रनों की जीत दर्ज करने में मदद की। उन्होंने कोलकाता में 55 गेंदों में 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 100* रनों की सनसनीखेज पारी खेली, जो इस सीजन का पहला शतक था।
आईपीएल में अपने डेब्यू सीजन में पहला शतक लगाने के बाद कमेंटेटरों से बात करते हुए हैरी ब्रूक ने इस तथ्य के बारे में मजाक किया कि जब उनका परिवार भारत में था, तो वह रन नहीं बना पा रहे थे, लेकिन जैसे ही वे यहां से चले गए, उन्होंने शानदार पारी खेली, जिसे सुन कमेंटेटर हैरान रह गए।
हैरी ब्रूक ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा: ‘मेरी गर्लफ्रेंड यहां मेरे साथ है, लेकिन मेरे परिवार के बाकी लोग अभी-अभी भारत से निकल गए हैं। मुझे यकीन था कि उनके जाने के बाद मेरे बल्ले से रन निकलेंगे। नहीं, (हंसते हुए) बिलकुल भी ऐसा नहीं है। मुझे यकीन है कि वे सभी मेरे लिए बहुत खुश होंगे।’
आपको बता दें, इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने चार में से दो मैच जीतकर आईपीएल 2023 की अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। SRH का इस सीजन में अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 अप्रैल को हैदराबाद में है।