'वह हमारे गेंदबाजी अटैक का लीडर है...'- सिराज की तारीफ में बड़ी बात बोल गए माइक हेसन - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘वह हमारे गेंदबाजी अटैक का लीडर है…’- सिराज की तारीफ में बड़ी बात बोल गए माइक हेसन

आईपीएल 2023 में 8 मैचों में मोहम्मद सिराज अब तक 14 विकेट ले चुके हैं।

Mohammad Siraj Mike Hesson (Photo Source: Twitter)
Mohammad Siraj Mike Hesson (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया और RCB के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आईपीएल 2023 के इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। इस सीजन 8 मैचों में अब तक 14 विकेट अपने नाम पर्पल कैप की सूची में सिराज पहले पायदान पर है।

मोहम्मद सिराज नई गेंद से टीम को लगातार सफलता दिलाते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन माइक हेसन ने सिराज के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। माइक हेसन का कहना है कि वनडे क्रिकेट के फॉर्म ने सिराज को टी-20 क्रिकेट में बहुत मदद की है।

वह जो भी करता है उसमें वो अच्छा है- माइक हेसन

माइक हेसन ने मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन को लेकर ESPNCricinfo पर बात करते हुए बताया, ‘उसने काफी वनडे क्रिकेट खेला है जहां आपको अपना कोर-स्किल बार-बार दोहराना पड़ता है। और वह उन स्किल में अच्छे हो गए हैं। जब आप ऐसा करने के लिए आश्वस्त हो जाते हैं तो आप उन्हें दोहरा सकते हैं। वह जो करते हैं उसमें वह असाधारण रूप से अच्छे हैं। उसका सीम बहुत अच्छा है, उसकी आउटस्विंग गेंद, थ्री क्वार्टर गेंद और वह बाउंसर भी अच्छी फेंक रहे हैं।’

माइक हेसन ने आगे बात करते हुए कहा, ‘मैं सिराज के लिए बहुत खुश हूं। सब जानते हैं कि पिछला साल उनके लिए कितना मुश्किल भरा रहा था। लेकिन सच बात यह है कि उन्होंने वनडे में भारत के लिए बहुत अच्छा किया। जिस चीज ने उनकी बहुत मदद की है। वह पहले गेम से ही इसमें कामयाब हो गए हैं। हमने सिराज को पहला ओवर दिया और कहा, देखो तुम हमारे गेंदबाजी अटैक के लीडर हो। उसने हर बार पावरप्ले में हमारे लिए टोन को सेट किया है।’

आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का अगला मुकाबला 1 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 8 मैचों में चार जीत और 8 अंको के साथ पांचवे पायदान पर हैं। टीम प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित करने के लिए आगामी मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाते हुए नजर आएगी।

close whatsapp