'जडेजा नहीं बल्कि इस खिलाड़ी को होना चाहिए था सीएसके का कप्तान'- रवि शास्त्री - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘जडेजा नहीं बल्कि इस खिलाड़ी को होना चाहिए था सीएसके का कप्तान’- रवि शास्त्री

एमएस धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद रवींद्र जडेजा को बनाया गया था सीएसके का कप्तान।

Ravi Shastri. (Photo by Adam Davy/PA Images via Getty Images
Ravi Shastri. (Photo by Adam Davy/PA Images via Getty Images

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अपने पहले चार मैच हारने के साथ चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान के रूप में रवींद्र जडेजा के कार्यकाल की शुरुआत बेहद खराब रही है। इस सीजन टीम में कई कमियां उजागर हुई हैं और कई विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने उन्हें पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया है। बता दें कि इस सीजन की शुरुआत से पहले धोनी ने कप्तानी का जिम्मेदारी जडेजा को सौंप दी थी।

इसके बाद वह सीएसके के एकमात्र दूसरे पूर्णकालिक कप्तान बन गए। हालांकि जडेजा इस वक्त के सबसे प्रमुख ऑलराउंडरों में से एक हैं, लेकिन अब तक वो अपनी कप्तानी से प्रभावित नहीं कर पाए हैं। इस मामले पर टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना ​​है कि जडेजा को सीएसके कप्तान नहीं बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा कि अगर धोनी टीम का नेतृत्व नहीं करना चाहते थे तो सीएसके को फाफ डु प्लेसिस को रिटेन करना चाहिए था।

जडेजा को कप्तानी की भूमिका में देखकर खुश नहीं हैं रवि शास्त्री

ईएसपीएनक्रिकइंफो के शो ‘टी20 टाइम आउट’ पर शास्त्री ने कहा कि, “मेरा मानना ​​है कि जडेजा जैसे खिलाड़ी को अपने क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए। अगर चेन्नई फिर से इसके बारे में सोचता है, तो उन्हें फाफ डु प्लेसिस को जाने नहीं देना चाहिए था क्योंकि वह एक मैच विनर है और बहुत खेला है।

अगर धोनी टीम की कप्तानी नहीं करना चाहते थे, तो फाफ को कप्तान बनना चाहिए था और जडेजा को एक खिलाड़ी के रूप में खेलना चाहिए था। क्योंकि तब जडेजा बिना कप्तानी के दबाव के स्वतंत्र होकर खेल सकते थे।”

इस बीच, 2012 से सीएसके का हिस्सा रहे फाफ डु प्लेसिस को मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई द्वारा रिलीज कर दिया गया था। जबकि चार बार के चैंपियन ने उन्हें ऑक्शन के दौरान टीम में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 7 करोड़ देकर अपने टीम में शामिल किया। पिछले सीजन के समापन के बाद विराट कोहली के आरसीबी कप्तान के रूप में पद छोड़ने के साथ, डु प्लेसिस ने टीम की बागडोर संभाली है और अब तक कप्तान के रूप में अच्छा काम किया है।

close whatsapp