आईपीएल 2023: वानखेड़े में सूर्यकुमार यादव के तूफान से कांप गए थे राशिद खान! GT स्टार ने बयां किया अपना हाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: वानखेड़े में सूर्यकुमार यादव के तूफान से कांप गए थे राशिद खान! GT स्टार ने बयां किया अपना हाल

सूर्यकुमार यादव को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Rashid Khan and Suryakumar Yadav. (Image Source: BCCI-IPL)
Rashid Khan and Suryakumar Yadav. (Image Source: BCCI-IPL)

मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच 12 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 57वें मैच में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने बल्ले और गेंद दोनों के साथ धमाकेदार प्रदर्शन किया, लेकिन अपनी टीम को 27 रनों की हार से नहीं बचा पाए।

गुजरात टाइटंस (GT) के स्पिनर राशिद खान ने आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 3 चौकों और 10 छक्कों की मदद से मात्र 32 गेंदों में 79* रनों की तूफानी पारी खेली, जिसने निश्चित ही सूर्यकुमार यादव के शतक को फीका कर दिया। इसके अलावा, राशिद ने इस MI vs GT मैच में अपने 4 ओवरों में 30 रन देकर 4 विकेट झटके, लेकिन उनका यह जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन बेकार गया, क्योंकि मुंबई इंडियंस (MI) 27 रनों से गुजरात टाइटंस (GT) को मात देने में कामयाब रही।

सूर्यकुमार यादव बल्ले के साथ अविश्वसनीय थे: राशिद खान

राशिद की तूफानी बल्लेबाजी से पहले, MI के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने 11 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 49 गेंदों में नाबाद 103 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, और अफगानिस्तान के स्पिनर के खिलाफ तीन चौकें लगाए थे। इस बीच, GT के स्टार राशिद खान ने सूर्यकुमार यादव के सनसनीखेज बल्लेबाजी प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि MI स्टार बल्ले के साथ अविश्वसनीय थे और उनके खिलाफ गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल था।

राशिद खान ने पारी के ब्रेक के दौरान ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए कहा: “आज सूर्यकुमार यादव बल्ले के साथ अविश्वसनीय थे। सूर्या के खिलाफ गेंदबाजी करना कठिन है, और उसने जो शॉट खेले, वे बेहद लाजवाब थे। वह टी-20 प्रारूप में ऐसे ही तूफानी बल्लेबाजी करता है, और वह इसी के लिए जाना जाता है।”

आपको बता दें, इस हार के बावजूद गुजरात आईपीएल 2023 की अंकतालिका में 16 अंको के साथ शीर्ष पर है, वहीं मुंबई 14 अंको के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अगर GT वानखेड़े स्टेडियम में MI को हरा देती तो, उनकी प्लेऑफ में जगह पक्की हो जाती, लेकिन अब उन्हें इस सीजन के अगले चरण में जाने के लिए अपने शेष दो मैचों (SRH, 15 मई और RCB, 21 मई के खिलाफ) में से एक में जीत दर्ज करनी होगी।

close whatsapp