SRH के खिलाफ मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने रचा इतिहास, टी-20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी - क्रिकट्रैकर हिंदी

SRH के खिलाफ मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने रचा इतिहास, टी-20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की।

MS Dhoni (Photo Source: Twitter)
MS Dhoni (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 का 29वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच चेपॉक में खेला गया। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को मात्र 134 रनों पर रोक दिया था।

लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शुमार है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में धोनी ने शानदार विकेटकीपिंग से अपने नाम एक खास रिकॉर्ड कायम कर लिया है।

टी-20 क्रिकेट में एमएस धोनी ने पूरे किए 208 कैच

महेंद्र सिंह धोनी विकेट के पीछे खड़े होकर अपनी टीम के लिए कई दफा मैच पलटते हुए नजर आए हैं। धोनी की परफेक्ट टाइमिंग से बचना बल्लेबाजों के लिए हमेशा ही चुनौतीपूर्ण रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में धोनी ने महेश तीक्ष्णा की शानदार गेंद पर कप्तान एडन मार्करम का कैच पकड़ा।

इस कैच के साथ धोनी ने टी-20 क्रिकेट में 208 कैच पूरे कर लिए हैं। और इसी के साथ धोनी टी-20 फॉर्मेट में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। इस लिस्ट में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक (207 कैच) के साथ दूसरे, दिनेश कार्तिक (205 कैच) के साथ तीसरे और पाकिस्तानी खिलाड़ी कामरान अकमल (172 कैच) के साथ चौथे पायदान पर हैं।

रवींद्र जडेजा ने चेपॉक में दिखाया कमाल

महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। सनराइजर्स हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर मात्र 134 रन ही बना पाई। अभिषेक शर्मा ने 26 गेंदो में 34 रनों की सर्वाधिक पारी टीम के लिए खेली। रवींद्र जडेजा ने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

शानदार गेंदबाजी के चलते रवींद्र जडेजा ने मैन ऑफ द मैच का खिताब भी जीता है। हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए डेवॉन कॉनवे और ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम को शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए  87 रनों की साझेदारी हुई। डेवॉन कॉनवे ने 57 गेंदो में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 77 रनों की पारी खेल टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।

close whatsapp