3 कारण क्यों नीतीश राणा को कप्तान बनाना KKR के लिए साबित हो सकता है मास्टरस्ट्रोक
श्रेयस अय्यर पीठ की चोट के कारण आगामी आईपीएल 2023 के कुछ मैचों से चूक जाएंगे।
अद्यतन - Mar 27, 2023 7:36 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 27 मार्च को अपने नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में आगामी सीजन के लिए नीतीश राणा को अपना कप्तान नियुक्त किया है।
श्रेयस अय्यर पीठ की चोट के कारण 31 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल 2023 के कुछ मैचों से चूक जाएंगे, इसलिए दो बार की आईपीएल विजेता फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने नीतीश राणा को टीम की बागडोर सौपीं हैं।
आपको बता दें, श्रेयस अय्यर पिछले सीजन में ही केकेआर से जुड़े थे और उन्होंने फ्रेंचाइजी को 14 में से 6 मैचों में जीत दिलाई थी। वहीं दूसरी ओर, नितीश राणा 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा हैं। बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल में अब तक 74 मैचों में केकेआर के लिए 1,744 रन बनाए हैं।
पिछले पांच वर्षों में, राणा केकेआर का एक अहम अंग बन गए हैं। हालांकि, उन्होंने पहले कभी भी आईपीएल फ्रेंचाइजी का नेतृत्व नहीं किया है, लेकिन उन्हें अपना नया कप्तान नियुक्त करना केकेआर के लिए एक मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है, और इसके तीन कारण हैं।
1. नीतीश राणा के पास घरेलू स्तर पर दिल्ली की टीम का नेतृत्व करने का अनुभव है
आईपीएल टीम का नेतृत्व करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीजों में से एक कप्तानी का अनुभव है, क्योंकि यह उस खिलाड़ी को अपने साथियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर लाने में मदद करता है। नीतीश राणा घरेलू स्तर पर दिल्ली की कप्तानी कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान और दिल्ली के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर ने राणा को दिल्ली की कप्तानी के लिए एक कैंडिडेट के रूप में चुना था।
2. किसी विदेशी कप्तान को नियुक्त करने से पूरे सीजन में KKR के संतुलन पर असर पड़ता
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सुनील नारायण, आंद्रे रसेल, शाकिब अल हसन और टिम साउदी जैसे कुछ अनुभवी विदेशी खिलाड़ी हैं। इसलिए ऐसा लग रहा था कि केकेआर एक विदेशी कप्तान का विकल्प चुन सकती है, लेकिन केकेआर टीम प्रबंधन ने नीतीश राणा को चुना। केकेआर का यह फैसला सही साबित हो सकता है, क्योंकि एक विदेशी कप्तान के नेतृत्व में टीम ने संघर्ष ही किया है, और खुद खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए।
3. केकेआर खेमे में नीतीश राणा एक जाना पहचाना चेहरा हैं
नितीश राणा केकेआर के साथ पिछले पांच वर्षों से हैं और वो प्रशंसकों के बीच एक लोकप्रिय चेहरा हैं। चूंकि नितीश राणा बैकरूम स्टाफ और केकेआर के अधिकांश खिलाड़ियों से परिचित हैं, इसलिए वह कप्तान के रूप में अच्छा काम कर सकते हैं।