IPL 2023: मुंबई इंडियंस की जीत से खुश हुए जहीर खान, रोहित शर्मा और इशान किशन के साथ बीच मैदान पर किया जमकर सेलिब्रेट
16 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - अप्रैल 16, 2023 11:09 अपराह्न

16 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। मुकाबले के बाद देखा गया कि टीम के रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान के साथ इस जीत को सेलिब्रेट कर रहे हैं।
बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 185 रन बनाए। टीम की ओर से वेंकटेश अय्यर ने 51 गेंदों में छह चौके और 9 छक्कों की मदद से 104 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उनके अलावा आंद्रे रसेल ने 11 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। वेंकटेश अय्यर ने मुंबई इंडियंस के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।
इशान किशन ने 25 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 18 ओवर के भीतर ही 186 रन बना लिए और यह मैच अपने नाम किया। टीम की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 43 रन की पारी खेली जबकि इशान किशन ने 25 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 13 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रन की बहुमूल्य पारी खेली जबकि टिम डेविड ने 13 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन की नाबाद पारी खेली।
जहीर खान जो जिओसिनेमा की ओर से इंटरव्यू ले रहे थे उन्हें मुकाबले के बाद रोहित शर्मा और इशान किशन के साथ इस जीत को काफी अच्छी तरह से सेलिब्रेट करते हुए देखा गया। इन सबके अलावा मुंबई इंडियंस के बाकी खिलाड़ियों ने भी इस परेड में शिरकत ली।
यह रही वीडियो:
https://twitter.com/KuchNahiUkhada/status/1647618875964502016?s=20
सूर्यकुमार यादव जो इस मुकाबले के स्टैंड इन कप्तान थे उन्होंने मुकाबले के बाद कहा कि उन्हें काफी खुशी महसूस हो रही है कि उनकी टीम ने वानखेड़े में इस मुकाबले को अपने नाम किया।
सूर्यकुमार यादव ने मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन में कहा कि, ‘ अगर मुकाबले को मैं खत्म करता तो मुझे ज्यादा खुशी महसूस होती लेकिन मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी प्रसन्न हूं। वानखेड़े में जो भी मुकाबले दिन में खेले जाते हैं वहां पर 160-170 रन का लक्ष्य काफी अच्छा माना जाता है। किशन ने टीम को काफी अच्छी शुरुआत दी। मैंने थोड़ा समय लिया और 5 से 7 गेंदों के बाद मैंने भी कड़े प्रहार करना शुरू कर दिए। टॉप ऑर्डर ने जो शुरुआत दी उसी को निचले क्रम के खिलाड़ियों ने भी आगे बढ़ाया।’