IPL 2023: पंजाब किंग्स ने वर्ल्ड चैंपियन ट्रेवर बेलिस को बनाया अपनी टीम का नया हेड कोच!
2022 सीजन तक अनिल कुंबले थे पंजाब किंग्स टीम के हेड कोच।
अद्यतन - Sep 4, 2022 10:55 am

आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ट्रेवर बेलिस को टीम का मुख्य कोच नियुक्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिपोर्ट्स की माने तो पंजाब किंग्स के मालिक कुंबले की कोचिंग विधियों से संतुष्ट नहीं थे क्योंकि फ्रैंचाइज़ी पिछले तीन सीजन में सिर्फ 19 मैच जीतने में सफल रही और 23 में हार का मुंह देखना पड़ा है। इसके अलावा पंजाब ने 2014 के संस्करण के बाद से आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं किया है।
गौरतलब है कि, पंजाब की सह-मालिक प्रीति जिंटा, मोहित बर्मन, नेस वाडिया और करण पॉल के साथ-साथ किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश मेनन के बोर्ड ने कुंबले पर निर्णय लिया है और वे स्पष्ट रूप से बेलिस को सेटअप में लाना चाहते थे। एक सूत्र ने हाल ही में बेलिस को लेकर कहा है कि, प्रबंधन उनको टीम में शामिल करने को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है और जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी होने की उम्मीद है।
ESPNCricinfo के हवाले से एक सूत्र ने कहा कि, “टीम ने ट्रेवर के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है जो कोचिंग के मामले में सर्वश्रेष्ठ में से एक है और उनका एक अच्छा रिकॉर्ड भी है। प्रबंधन को उम्मीद है कि टीम उनके मार्गदर्शन में खिताब जीतती रहेगी। जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी होने की उम्मीद है।”
इंग्लैंड को वर्ल्ड चैंपियन बना चुके हैं ट्रेवर बेलिस
बेलिस ने आईपीएल 2020 और आईपीएल 2021 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से काम किया और फ्रेंचाइजी 2020 संस्करण में तीसरे स्थान पर रही। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की प्रमुख उपलब्धियों की बात करें तो 2012 से 2015 तक कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए थे, जहां केकेआर ने 2012 और 2014 में बेलिस की कोचिंग कार्यकाल में दो खिताब जीते।
59 वर्षीय बेलिस इंग्लैंड की टीम के मुख्य कोच भी थे जिसने 2019 विश्व कप जीता और उन्होंने 2004 से 2007 तक न्यू साउथ वेल्स को भी कोचिंग दी। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने ब्रायन लारा को आगामी सीज़न के लिए टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। लारा ने पिछले सीजन में फ्रेंचाइजी के बल्लेबाजी कोच और रणनीति सलाहकार के रूप में काम किया था।