IPL 2024: तीन रिकॉर्ड जो GT vs MI मैच के दौरान बने
IPL 2024 के पांचवें मैच में गुजरात ने मुंबई को 6 रनों से हराया।
अद्यतन - Mar 25, 2024 3:27 pm

जारी IPL 2024 के पांचवें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीमें आमने-सामने थी। इस रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच को देखने के लिए लगभग 80000 दर्शक मैदान पर मौजूद थे।
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बोर्ड पर लगाए। टीम का कोई खिलाड़ी इस दौरान अर्धशतक तो नहीं जड़ सका, मगर साई सुदर्शन ने 45 तो शुभमन गिल ने 31 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेली। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 162 रन ही बना सकी और छह रन से मैच हार गई।
इस आर्टिकल में हम उन तीन रिकार्ड्स के बारे में बात करेंगे जो इस मैच के दौरान बने थे। वो तीन तीन रिकार्ड्स कौन से थे आइए जानते हैं।
3) अपने जन्मदिन पर IPL डेब्यू करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने अजमतुल्लाह उमरजई
अज़मतुल्लाह उमरज़ई, जिन्हें आईपीएल 2024 की ऑक्शन में उनके बेस प्राइस ₹50 लाख में खरीदा गया था, उनके लिए यह मैच काफी अच्छा रहा। वह गुजरात के लिए हार्दिक पांड्या के परफेक्ट रिप्लेसमेंट की तरह लग रहे थे। उन्होंने इस मैच में नंबर चार पर बल्लेबाजी की और गुजरात के लिए गेंद के साथ पहला ओवर भी फेंका।
दिलचस्प बात यह है कि कल (24 मार्च) को उमरजई का जन्मदिन भी था, इस तरह वह अपने जन्मदिन पर आईपीएल में डेब्यू करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी और कुल मिलाकर दूसरे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले अपने जन्मदिन पर आईपीएल में डेब्यू करने वाले एकमात्र खिलाड़ी विक्रांत येलिगाती थे, जिन्होंने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ MI के लिए अपना पहला IPL मैच खेला था।
2) मोहित शर्मा अब IPL इतिहास में MI के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं
मोहित शर्मा, जिन्हें पिछले साल के आईपीएल फाइनल में रवींद्र जडेजा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, उन्होंने अपने IPL 2024 अभियान की शुरुआत एक और शानदार गेंदबाजी स्पैल के साथ की। 35 वर्षीय मोहित जब गेंदबाजी के लिए आए तो उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस और टिम डेविड के दो महत्वपूर्ण विकेट लिए।
2/32 के अपने स्पैल के साथ, मोहित अब आईपीएल में MI के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। मोहित, एमआई के खिलाफ 20 मैच खेले हैं और 13.00 की शानदार स्ट्राइक रेट से 33 विकेट लिए हैं। वह इस लिस्ट में अपने पूर्व CSK टीम के साथी ड्वेन ब्रावो के साथ शामिल हो गए हैं। ब्रावो ने आईपीएल में MI के खिलाफ 33 विकेट भी लिए।
1) IPL इतिहास में सबसे ज्यादा 3 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज बने जसप्रीत बुमराह
अपनी शानदार तेज गेंदबाजी से, जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर सभी फैंस को इम्प्रेस किया। अहमदाबाद में खेलते हुए, एमआई के टॉप तेज गेंदबाज ने बेहतरीन गेंदबाजी की और अपने चार ओवर के स्पेल में 14 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
अब उनके नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा तीन विकेट लेने का रिकॉर्ड है और उन्होंने लसिथ मलिंगा और युजवेंद्र चहल को इस लिस्ट में पीछे छोड़ दिया है। जहां मलिंगा और चहल दोनों के नाम आईपीएल में 19 बार तीन-तीन विकेट लेने का कारनामा है, वहीं बुमराह 20 बार तीन विकेट ले चुके हैं।