IPL 2024: मैथ्यू हेडन को उम्मीद है कि शुभमन गिल कप्तान के तौर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे
गिल का कप्तान के तौर पर आईपीएल में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है
अद्यतन - मई 14, 2024 6:48 अपराह्न

आईपीएल इतिहास में यह पहली बार है जब एक बार की चैंपियन गुजरात टाइटंस (GT) प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने साल 2022 आईपीएल खिताब को अपने नाम किया था, तो वहीं 2023 सीजन की वह उपविजेता रही थी।
हालांकि, आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक को मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर लिया था। इसके बाद गुजरात टीम की कप्तानी युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में सौंपी गई। लेकिन गिल की कप्तानी में गुजरात जारी आईपीएल सीजन में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई।
गुजरात ने जारी आईपीएल में कुल 13 मैच खेले हैं, जिसमें से वह सिर्फ 5 में ही जीत हासिल कर पाई है। वह 11 अंकों के साथ इस समय पाॅइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर बनी हुई। दूसरी ओर, अब जारी आईपीएल में शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden) ने बड़ा बयान दिया है। हेडन को भरोसा है कि कप्तान के तौर पर गिल बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर मैथ्यू हेडन ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर मैथ्यू हेडन ने स्टार स्पोर्ट्स पर बड़ा बयान देते हुए कहा- मेरा मानना है कि एक लीडर के रूप में वे बेहतर करने वाले हैं। उन्हें बेहतर बनने के लिए कुछ भी करना चाहिए। स्टीव वाॅ ने एक बार टीम को कहा था कि मेरे लीडर बनने का इंतजार मत करो। मैदान के अंदर और बाहर आप खुद के लीडर बनो।
हेडन ने आगे कहा- टूर्नामेंट के बाद सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम, फ्रेंचाइजी और राज्यों के लिए क्रिकेट खेलने वापिस चले जाएंगे। लेकिन जब आप दोबारा एक लीडर के रूप में वापिस आएंगे, तो मेरा काम और ज्यादा आसान कर देंगे।