फील्डिंग में बाधा डालने के चलते आउट करार दिए गए Ravindra Jadeja, जानें क्या है ये “Obstructing the field” नियम…?
पारी के 16वें ओवर में जडेजा को फील्डिंग में बाधा डालने के लिए आउट करार दिया गया।
अद्यतन - May 12, 2024 7:58 pm

आईपीएल 2024 का 61वां मैच एमए. चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। लो स्कोरिंग मुकाबले में CSK ने राजस्थान को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) विवादित अंदाज में विकेट गंवा बैठे। दरअसल पारी के 16वें ओवर में जडेजा को फील्डिंग में बाधा डालने के चलते आउट करार दिया गया। आइए आपको रवींद्र जडेजा को किस नियम के तहत आउट करार दिया गया है, विस्तार से बताते हैं।
जानबूझकर विकेट के सामने आ गए थे Ravindra Jadeja
चेन्नई सुपर किंग्स की पारी का 16वां ओवर आवेश खान ने डाला था। ओवर की पहली चार गेंदों में मात्र 4 रन आए थे। ओवर की पांचवीं गेंद को रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने थर्ड मैन की ओर खेला और एक रन के लिए भागे थे। जड्डू दूसरा रन भी लेना चाहते थे, लेकिन रुतुराज गायकवाड़ ने उन्हें वापस भेज दिया।
संजू सैमसन ने फिर जडेजा को आउट करने के लिए गेंद विकेट की ओर हिट की, लेकिन जडेजा जानबूझकर विकेट के सामने आ गए, और गेंद उन्हें लग गई। सैमसन ने फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट की अपील की और तीसरे अंपायर ने जडेजा को फील्डिंग में बाधा डालने के लिए (Obstructing the field) आउट करार दिया।
Jaldi wahan se hatna tha 🫨#TATAIPL #CSKvRR #IPLonJioCinema pic.twitter.com/Op4HOISTdV
— JioCinema (@JioCinema) May 12, 2024
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने 6 गेंदों में मात्र 5 रन बनाए। आपको बता दें आईपीएल में यह तीसरा मौका है जब कोई खिलाड़ी इस तरह से आउट हुआ है। जडेजा से पहले अमित मिश्रा और युसूफ पठान भी फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट हो चुके हैं।
आईपीएल में फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट होने वाले बल्लेबाज-
युसूफ पठान बनाम पुणे वॉरियर्स, रांची, 2013
अमित मिश्रा बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, विजाग, 2019
रवींद्र जडेजा बनाम राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई, 2024
जानें Obstructing the field नियम के बारे में-
MCC के अनुसार, नियम 37.1.1, कहता है- कोई भी बल्लेबाज ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड होता है अगर वह गेंद को खेलने के बाद जानबूझ कर विपक्षी टीम के फील्डर्स के काम में बाधा डालता है या अपने शब्दों और एक्शन से उनका ध्यान भटकाता है।
नियम में आगे कहा गया है कि बल्लेबाज को फील्डिंग में बाधा डालने के लिए आउट दिया जा सकता है यदि वह गेंद को बल्ले को पकड़ने वाले हाथ के अलावा हाथ या शरीर के अन्य हिस्सों से मारता है।
यह नियम नो बॉल के मामले में भी लागू होता है। लिगल डिलीवरी के मामले में, यदि किसी बल्लेबाज द्वारा जानबूझ कर की गई बाधा या ध्यान भटकाना स्ट्राइकर को आउट किए जाने से रोकता है, तो उसे ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड आउट करार दिया जाएगा।
यदि नो बॉल पर कोई ऑब्सट्रक्शन आती है, तो जिस बल्लेबाज (स्ट्राइकर या नॉन-स्ट्राइकर) ने बाधा या ध्यान भटकाया है, वह फील्ड में बाधा डालने के लिए आउट दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, यदि कोई बल्लेबाज गेंद पकड़ता है और फील्डर की सहमति के बिना गेंद को उन्हें लौटाता है तो उसे फील्ड में बाधा डालने के लिए आउट किया जा सकता है।
एक बल्लेबाज ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड पर आउट नहीं होगा अगर फील्डिंग में बाधा या ध्यान भटकाना जानबूझकर नहीं किया गया है। या ऑब्स्ट्रकशन चोट से बचने के लिए किया गया हो।