इस मुकाबले की बात करें तो राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए। जवाब में RR की टीम 201 रन ही बना सकी और मुकाबला 20 रनों से हार गई। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए। वहीं, बल्लेबाजी में फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल ने अर्धशतक लगाया।
IPL 2024: संजू सैमसन को पड़ी दोहरी मार, पहले हारे मैच, अब बीसीसीआई ने ठोका जुर्माना
मैच के दौरान संजू सैमसन ने की थी अंपायर से बहस।
अद्यतन - May 8, 2024 10:51 am

आईपीएल 2024 में 7 मई को दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक रोमांचक मैच खेला गया। इस मैच में संजू सैमसन की टीम (RR) को 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह इस सीजन राजस्थान रॉयल्स की तीसरी हार है। मैच हारने के बाद अब संजू सैमसन को एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल बीसीसीआई ने संजू पर भारी जुर्माना लगाया है।
दरअसल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मैच में संजू सैमसन की अंपायरों से बहस हो गई थी, जो उन पर भारी पड़ गई। इसी वजह से बीसीसीआई ने उन पर मोटा जुर्माना ठोका है। सैमसन को अपनी मैच फीस का 30 फीसदी हिस्सा फाइन के तौर पर बोर्ड को देना होगा। सैमसन जिस गेंद पर कैच आउट हुए थे उसको लेकर काफी विवाद हुआ था।
संजू सैमसन को लेकर जारी हुआ प्रेस रिलीज
प्रेस रिलीज के अनुसार संजू सैमसन ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के तहत लेवल 1 का अपराध किया है। उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी की मंजूरी स्वीकार कर ली। आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी है। ऐसे में इस पर अब कोई सुनवाई नहीं होगी। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा।
दरअसल, जब संजू सैमसन आउट हुए तो उस समय थोड़ा सा विवाद देखने को मिला। थर्ड अंपायर ने माना था कि, संजू सैमसन आउट हैं, लेकिन ऐसा भी लग रहा था कि शायद जल्दबाजी में थर्ड अंपायर ने फैसला दिया है, क्योंकि एक बार को लग रहा था कि शाई होप का पैर बाउंड्री लाइन से टच हुआ है। इसी वजह से संजू सैमसन ने फील्ड अंपायरों से बहस की, लेकिन अंपायरों ने उनकी एक नहीं सुनी और बाद में उन पर जुर्माना लग गया।