GT vs MI: गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 36 रन से हराया, सिराज-प्रसिद्ध रहे जीत के हीरो
गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 36 रन से हराया।
अद्यतन - Mar 29, 2025 11:44 pm

आईपीएल 2025 का 9वां मैच 29 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 160 रन ही बना पाई और गुजरात ने 36 रनों से शानदार जीत हासिल की। इस जीत के बाद गुजरात ने पॉइंट्स टेबल में खाता खोल लिया है। जबकि ये लगातार दो मैचों में मुंबई की दूसरी हार है।
साई सुदर्शन ने खेली शानदार पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस को अच्छी शुरुआत मिली। साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 78 रनों की शानदार साझेदारी हुई। गिल 27 गेंदों में 38 रन बनाकर 9वें ओवर में हार्दिक पांड्या के खिलाफ आउट हुए। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे जोस बटलर ने 24 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन की अहम पारी खेली।
गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने 41 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जिसके चलते टीम ने 196 रन बोर्ड पर लगाए। मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 29 रन देकर सर्वाधिक दो विकेट चटकाए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, मुजीब उर रहमान और एस राजू के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।
गुजरात टाइटंस ने की शानदार गेंदबाजी
गुजरात के खिलाफ 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई को शुरुआती दो झटके जल्दी लगे। मोहम्मद सिराज ने 35 के स्कोर पर दोनों ओपनर रोहित शर्मा (8) और रयान रिकल्टन (6) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के बीच साझेदारी पनप रही थी, लेकिन फिर प्रसिद्ध कृष्णा ने तिलक को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दिया।
तिलक वर्मा ने 36 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंदों में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से 48 रन की सर्वाधिक पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज अपना योगदान नहीं दे पाया।
गुजरात के लिए मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 35 रन देकर दो विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके। इनके अलावा कगिसो रबाडा और साई किशोरे ने एक-एक विकेट चटकाए।